भास्कर संवाददाता | अकोदिया मेसर्स जेएमबी तौलकांटा में वजन में अंतर पाए जाने की किसान द्वारा की गई शिकायत पर प्रशासन ने कड़ी कार्रवाई की है। अनुविभागीय अधिकारी शुजालपुर और भारसाधक अधिकारी, कृषि उपज मंडी समिति अकोदिया के निर्देश पर प्रभारी मंडी सचिव चंद्रसिंह परमार द्वारा मंडी अधिनियम की धाराओं के तहत तत्काल प्रभाव से कई दंडात्मक कार्यवाही की गई। इसके तहत मंडी प्रांगण स्थित मेसर्स जेएमबी बड़ा तौलकांटा सील किया गया। बड़े तौलकांटे का अनुबंध आगामी आदेश तक निलंबित किया गया। कांटा संचालक/ऑपरेटर की तुलावटी अनुज्ञप्ति निरस्त की गई। कांटा संचालक रवि सर्राफ और ऑपरेटर (तुलावटी) मनोहर मेवाड़ा के विरुद्ध थाना अकोदिया में एफआईआर दर्ज करवाई गई। प्रशासन के अनुसार, यह तौलकांटा 18 नवंबर 2025 को खराब पाया गया था। उसी दिन किसानों द्वारा जेएमबी तौलकांटे पर तुलाई कराई गई कृषि उपज में वजन अंतर मिलने पर सभी किसानों को संबंधित व्यापारियों से अंतर की राशि वापस दिलाई गई। इसके साथ ही जेएमबी तौलकांटा से संबंधित फर्म मेसर्स गोपाल ट्रेडिंग कंपनी, अकोदिया की अनुज्ञप्ति भी आगामी आदेश तक निलंबित कर दी गई है।


