सिवनी जिले के पेंच टाइगर रिजर्व के रूखड़ बफर क्षेत्र से लगे मोहगांव में एक दुर्लभ वन्यप्राणी बायसन (नर गौर) की करंट लगने से मौत हो गई। जांच में सामने आया कि जंगल में जंगली सुअर के शिकार के लिए अवैध रूप से करंट फैलाया गया था। वन विभाग ने इस मामले में तीन आरोपियों को गिरफ्तार कर सोमवार दोपहर न्यायालय में पेश किया है। वन विभाग के अनुसार, रूखड़ वनपरिक्षेत्र के अंतर्गत करीब पांच हेक्टेयर निजी भूमि पर स्थित सागौन के जंगल में गश्त के दौरान रात में बायसन का शव मिला। मृत बायसन की उम्र करीब 13–14 साल बताई गई है। मौके की जांच में पुष्टि हुई कि उसकी मौत करंट लगने से हुई। आरोपियों ने जंगल में फैलाया था करंट आरोपियों ने 11 केवी विद्युत लाइन से अवैध रूप से तार जोड़कर जंगल में करंट फैलाया था। घटना की गंभीरता को देखते हुए वन अमले ने पहले बिजली आपूर्ति बंद कराने की कोशिश की। आपूर्ति बंद न होने पर, किसी अन्य वन्यजीव या इंसान को नुकसान से बचाने के लिए करंट वाले तार हटाए गए। घेराबंदी कर आरोपियों को पकड़ा इसके बाद घेराबंदी कर मोहगांव निवासी सुनील उइके, दशरथ यादव और कैलाश चक्रवर्ती को गिरफ्तार किया गया। मौके से जीआई तार, खूटियां और अवैध विद्युत सामग्री जब्त की गई। पूछताछ में आरोपियों ने जुर्म कबूल किया। मृत बायसन का पोस्टमार्टम कर नियमानुसार अंतिम संस्कार किया गया।


