भास्कर न्यूज | कवर्धा नगर पालिका अध्यक्ष ने पालिका के जिला शिक्षा अधिकारी, प्राचार्य और प्रधान पाठकों के साथ बैठक की। बैठक में शिक्षकों के लिए ड्रेस कोड लागू करने पर भी चर्चा हुई। जिससे सभी शिक्षकों की पहचान स्पष्ट हो। जिस पर सभी प्राचार्यों और प्रधान पाठकों ने इस पर सहमति जताई। बैठक में पालिका अध्यक्ष चंद्रप्रकाश चंद्रवंशी ने नैतिक शिक्षा को बढ़ावा देने और खेल-खेल में बच्चों को पढ़ाने की बात कही। उन्होंने कहा कि सभी शिक्षक शासन के निर्देशों का पालन करें, बच्चों के ड्रेस कोड का ध्यान रखें, पालकों से संपर्क में रहें और बच्चों की गतिविधियों पर चर्चा करते रहें। कहा कि शिक्षा के साथ स्वच्छता को भी संस्कार में शामिल करना जरूरी है। उन्होंने कहा कि केवल रजिस्टर चेक करने से काम नहीं चलेगा, स्कूल की असली गुणवत्ता देखनी होगी। उन्होंने शिक्षा गुणवत्ता में लापरवाही करने वालों पर सख्त कार्रवाई की बात कही। बैठक में बीईओ संजय जायसवाल, जनभागीदारी समिति के अध्यक्ष पीयूष टाटिया, जसवंत छाबड़ा, अजय कुमार गुप्ता, रामकुमार ठाकुर, सीएमओ रोहित साहू, आर पी सिंह, विजय खरे, प्रधान पाठक सीडी भट्ट, केस लाल साहू, लखन वारते, संगीता सिंह सहित अन्य शामिल रहे। शिक्षकों और अधिकारियों से इस संबंध में सुझाव मांगे जिला शिक्षा अधिकारी योगदास साहू ने कहा कि कवर्धा को शिक्षा और स्वच्छता के क्षेत्र में आदर्श शहर बनाने के लिए यह बैठक आयोजित की गई। नगर पालिका अध्यक्ष ने शिक्षकों और अधिकारियों से सुझाव मांगे ताकि विद्यालयों की गुणवत्ता, स्वच्छता, विद्यार्थियों की उपस्थिति और आधारभूत सुविधाओं में सुधार हो सके। बैठक में विद्यालय परिसरों की स्वच्छता, पेयजल, शौचालय, कक्षाओं की स्थिति और सामुदायिक सहभागिता पर भी चर्चा हुई। अधिकारियों ने इन बिंदुओं पर शीघ्र कार्रवाई का आश्वासन दिया।


