भास्कर न्यूज | जांजगीर रविवार को जिले के 17 परीक्षा केंद्रों में शिक्षक पात्रता परीक्षा का आयोजन किया गया। छत्तीसगढ़ व्यावसायिक परीक्षा मंडल द्वारा यह परीक्षा कड़े नियमों के तहत संपन्न कराई गई। परीक्षार्थियों के लिए परीक्षा केंद्र पर कम से कम दो घंटे पहले पहुंचना अनिवार्य किया गया था। सुबह से ही परीक्षा केंद्रों में परीक्षार्थियों की भीड़ देखने को मिली। जांच प्रक्रिया के दौरान परीक्षार्थियों को कतार में खड़े होकर अपनी बारी का इंतजार करना पड़ा। बाहर से आए कई परीक्षार्थी परीक्षा केंद्र की जानकारी के लिए इधर-उधर भटकते नजर आए। परीक्षा दो पालियों में आयोजित की गई, जिसमें 11 हजार से अधिक परीक्षार्थियों ने भाग लिया।


