सिमडेगा | हिंदी दिवस के अवसर पर सिमडेगा जिले के सुप्रसिद्ध शिक्षाविद्, लेखक एवं साहित्यकार अंजनी कुमार सिंह को विश्व हिंदी रत्न की मानद उपाधि से सम्मानित किया गया। यह सम्मान उन्हें हिंदी भाषा और साहित्य के संरक्षण,संवर्द्धन एवं वैश्विक प्रचार-प्रसार में उनके उत्कृष्ट योगदान के लिए नेपाल में प्रदान किया गया। सम्मान समारोह नेपाल की प्रतिष्ठित संस्था बहुक्षेत्रीय सम्मान फाउंडेशन द्वारा आयोजित अंतरराष्ट्रीय हिंदी कविता प्रतियोगिता के अवसर पर हुआ। इस प्रतियोगिता में भारत सहित कई देशों के रचनाकारों ने भाग लिया। निर्णायक मंडल द्वारा सिंह की कविता को श्रेष्ठ रचना के रूप में चयनित किया गया,जिसके आधार पर उन्हें यह अंतरराष्ट्रीय सम्मान प्रदान किया गया। इस प्रतियोगिता का उद्देश्य हिंदी साहित्य को विश्व स्तर पर नए आयाम देना, देवनागरी लिपि के संरक्षण को बढ़ावा देना तथा भारत और नेपाल के बीच सांस्कृतिक एवं शैक्षिक संबंधों को और भी सशक्त बनाना था।


