शिक्षा मंत्री जी…! ये कैसी शिक्षा:सड़क सुरक्षा सप्ताह में आप ही बिना हेलमेट बाइक चला रहे हैं; देखिए- मुख्यमंत्री और सांसद हेलमेट पहनकर संदेश दे रहे…

सड़क सुरक्षा माह में दो तस्वीरें शनिवार को अचानक चर्चा में आ गईं। पहली तस्वीर स्कूल शिक्षा मंत्री गजेंद्र यादव की है जिसमें दुर्ग की सड़कों पर वे सड़क सुरक्षा का मखौल उड़ाते दिख रहे हैं। वे समर्थकों के साथ बिना हेलमेट बाइक चला रहे हैं। उन्होंने अपना वीडियो गुरुवार को खुद पोस्ट किया, जिसके बाद वीडियो वायरल हो गया। दूसरी तस्वीर में मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय हेलमेट पहनकर रायपुर में सांसद बृजमोहन अग्रवाल के साथ स्कूटी चलाते दिखे। इसके जरिए उन्होंने संदेश दिया कि ट्रैफिक नियमों का पालन करने पर ही जीवन सुरक्षित रहेगा। दूसरी तरफ लोग शिक्षा मंत्री की इस हरकत पर सवाल उठा रहे हैं कि ये कैसे शिक्षा मंत्री हैं जो लोगों को सड़क सुरक्षा पर ‘गलत ज्ञान’ दे रहे हैं। सोशल मीडिया पर हो रहे कमेंट्स अपनी इस हरकत के कारण शिक्षा मंत्री गजेंद्र यादव सोशल मीडिया में काफी ट्रोल हो रहे हैं। विजय गुप्ता नामक एक युवक ने लिखा है, ‘अब अगर पुलिस चालान काटे तो ये वीडियो दिखाना है, सेव करके रख लो।’ मदनमोहन राणा ने लिखा, ‘हेलमेट लगेगा तो बाहुबली का चांद सा मुखड़ा नहीं दिखेगा न।’ शाहिद मोहम्मद ने पूछा, ‘हेलमेट कहां है साहब।’ धनेश वर्मा ने पूछा है, ‘मंत्री महोदय का हेलमेट कहां है जी? आम आदमी के तो चालान कट जातीस।’ मधुसूदन यादव ने लिखा है, ‘भैया, अभी सड़क सुरक्षा सप्ताह चल रहा है, पर आप बिना हेलमेट के हैं। चालान तो आपका भी बनता है पर आपके खिलाफ कार्रवाई करेगा कौन?’ संदीप ताम्रकर ने सवाल पूछा है, ‘ मंत्री जी नियम का पालन नहीं करेंगे तो संतरी की क्या हिम्मत है चालान काटने की।’

FacebookMastodonEmail

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *