राजस्थान माध्यमिक शिक्षा बोर्ड में गुरुवार को शिक्षा मंत्री मदन दिलावर पहली बार रिव्यू मीटिंग लेने आएंगे। इसे लेकर बोर्ड प्रशासन ने तैयारियां तेज कर दी है। पहली बैठक होने से हर एक चीज पर गौर करके तैयारियों के निर्देश दिए जा रहे हैं। बोर्ड सचिव ने सभी कार्मिकों के अवकाश पर रोक लगा दी है। सभी को आवश्यक रूप से 19 दिसंबर को बोर्ड में उपस्थित रहने के निर्देश दिए गए हैं। हालांकि बेहद जरूरी होने पर सीधे सचिव से अवकाश स्वीकृत कराया जा सकता है। पूर्व में 19 दिसंबर के लिए स्वीकृत अवकाश भी रद्द कर दिए हैं। बोर्ड प्रशासन रीट आयोजन और बोर्ड परीक्षाओं से संबंधित डेटा और जानकारियां एकजाई करने में जुटा है। इसके लिए संबंधित अधिकारियों को निर्देश दिए गए हैं। स्लाइड, पीपीटी प्रेजेंटेशन भी तैयार किए जा रहे हैं। इन बिंदुओं पर समीक्षा की संभावना आगामी बोर्ड परीक्षाओं की तैयारियां, उत्तर पुस्तिकाओं की छपाई, प्रश्नपत्रों का मुद्रण, परीक्षा केंद्रों के निर्धारण, सुरक्षा व्यवस्था।


