मनेंद्रगढ़-चिरमिरी-भरतपुर जिले के लेदरी नगर पंचायत में आम आदमी पार्टी ने स्वस्थ शिक्षा के लिए हस्ताक्षर अभियान शुरू किया है। पार्टी कार्यकर्ता लेदरी, खोंगापानी, झगराखांड और मनेंद्रगढ़ में घर-घर जाकर लोगों को क्षेत्र में शिक्षा के नाम पर हो रही अनियमितताओं की जानकारी दे रहे हैं। पार्टी ने इस मुद्दे पर पहले ही कलेक्टर डी राहुल वेंकट को ज्ञापन सौंप चुकी है। अभियान के तहत पार्टी 10 हजार हस्ताक्षर जुटाएगी। इसका उद्देश्य स्कूली फीस, ड्रेस और किताबों के नाम पर स्कूलों और दुकानदारों की मिलीभगत को रोकना है। पार्टी का लक्ष्य हर बच्चे को सस्ती और बेहतर शिक्षा उपलब्ध कराना है। जिला उपाध्यक्ष विकास पांडेय ने बताया कि यह निर्णय जिला कार्यकारिणी ने लिया है। अभियान में जिला उपाध्यक्ष विकास पांडेय, जिला कोषाध्यक्ष कासिम उमर, जिला सचिव संदीप यादव, मो. कासिम, दीपक तिवारी, विवेक यादव सहित अन्य कार्यकर्ता शामिल हैं।


