शिबू सोरेन की प्रतिमूर्ति स्थापना की मांग

भास्कर न्यूज | सरायकेला झारखंड मुक्ति मोर्चा के जिला उपाध्यक्ष भोला महंती के लिखित आवेदन पर सिंहभूम सांसद जोबा माझी एवं खरसावां विधायक दशरथ गागराई की अनुशंसा के बाद शिबू सोरेन की प्रतिमूर्ति स्थापना की मांग को लेकर झामुमो का एक प्रतिनिधिमंडल उपायुक्त से मिला। प्रतिनिधिमंडल ने उपायुक्त को एक ज्ञापन सौंपते हुए झारखंड आंदोलन के प्रणेता स्वर्गीय शिबू सोरेन की स्मृति में प्रतिमूर्ति स्थापित किए जाने की मांग की।प्रतिनिधिमंडल ने उपायुक्त को बताया कि झारखंड प्रदेश के निर्माण में स्वर्गीय शिबू सोरेन की ऐतिहासिक भूमिका रही है। वे झारखंड की जनता के लिए संघर्ष, त्याग और समर्पण का प्रतीक रहे हैं। ऐसे में उनकी याद में जिले के एक प्रमुख स्थल पर प्रतिमूर्ति की स्थापना करना जिलेवासियों के लिए गर्व की बात होगी। झामुमो प्रतिनिधिमंडल ने सुझाव दिया कि सरायकेला न्यायालय (पेट्रोल पंप) के समीप, टाटा–सरायकेला मुख्य पथ से सटे राजनगर जाने वाली नई सड़क के मोड़ पर एक गोलंबर का निर्माण किया जाए। गोलंबर के मध्य स्वर्गीय शिबू सोरेन की प्रतिमूर्ति स्थापित कर स्थल का नामकरण “शिबू सोरेन गोलंबर” किया जाए। इससे न केवल गुरुजी के प्रति सच्ची श्रद्धांजलि अर्पित होगी, बल्कि जिलेवासियों को भी गौरव की अनुभूति होगी। प्रतिनिधिमंडल ने यह भी बताया कि उक्त स्थान पर आए दिन सड़क दुर्घटनाएं होती रहती हैं। उपायुक्त सरायकेला- खरसावां ने प्रतिनिधिमंडल की भावनाओं की सराहना करते हुए कहा कि मांग पर गंभीरता से विचार किया जाएगा। प्रतिनिधिमंडल में झामुमो जिला उपाध्यक्ष भोला महंती, साहित्य एवं संस्कृति मोर्चा के जिला अध्यक्ष अविनाश कबी, नगर सचिव तपन कामिला, कृष्णा राणा एवं गौतम नायक शामिल थे।

FacebookMastodonEmail

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *