शिबू सोरेन के स्वास्थ्य में सुधार, झारखंड में पूजा-अर्चना जारी:19 जून से दिल्ली के सर गंगाराम अस्पताल में भर्ती; प्रदेश वापसी का हो रहा इंतजार

राज्यसभा सांसद, झारखंड मुक्ति मोर्चा के सुप्रीमो और झारखंड के दिशोम गुरु शिबू सोरेन के स्वास्थ्य को लेकर पूरे राज्य में चिंताओं का माहौल है। 81 वर्षीय शिबू सोरेन 19 जून से दिल्ली के सर गंगाराम अस्पताल में गंभीर हालत में भर्ती हैं। जहां न्यूरोलॉजी और नेफ्रोलॉजी विशेषज्ञों की निगरानी में उनका इलाज जारी है। हाल ही में उन्हें हल्का पैरालिसिस अटैक आया था। झामुमो के केंद्रीय महासचिव सुप्रियो भट्टाचार्य ने बताया कि गुरुजी की हालत स्थिर है और उनमें धीरे-धीरे सुधार हो रहा है। राज्यभर में प्रार्थनाओं का दौर जारी राज्यभर में उनके बेहतर स्वास्थ्य और शीघ्र स्वस्थ होने की कामना को लेकर पूजा-अर्चना और प्रार्थनाओं का सिलसिला लगातार जारी है। राजधानी रांची के ऐतिहासिक सिरम टोली स्थित सरना स्थल पर आदिवासी समुदाय द्वारा सरना रीति-रिवाज से विशेष प्रार्थना सभा का आयोजन किया गया। इसमें सरना मां और धर्मेश बाबा से गुरुजी की दीर्घायु की कामना की गई। इसी तरह जमशेदपुर के चंद्रमलेश्वर महादेव मंदिर परिसर में झामुमो नेताओं ने विशेष हवन-पूजन कर शिबू सोरेन के शीघ्र स्वास्थ्य लाभ की कामना की। पार्टी नेताओं ने विश्वास जताया कि गुरुजी जल्द स्वस्थ होकर झारखंड लौटेंगे। पारसनाथ पहाड़ पर भी की गई विशेष प्रार्थना गिरिडीह के पारसनाथ पर्वत स्थित मरांग बुरु दिशोम मांझी थान में भी विशेष पूजा-अर्चना की गई। यहां पीरटांड़ क्षेत्र के आदिवासी समुदाय के सैकड़ों लोग पारंपरिक वेशभूषा में एकत्रित हुए और विधिवत बोंगा बुरु की पूजा की। मरांग बुरु संस्थान और झारखंड के विभिन्न इलाकों से आए श्रद्धालुओं ने दिशाेम मांझी थान में विशेष प्रार्थना की। पूरे झारखंड में आदिवासी परंपरा और श्रद्धा के साथ शिबू सोरेन के स्वास्थ्य लाभ के लिए दुआएं मांगी जा रही हैं। राजधानी से लेकर ग्रामीण इलाकों तक लोगों की भावनाएं गुरुजी के साथ जुड़ी हुई हैं। जनता को उम्मीद है कि दिशोम गुरु एक बार फिर पूर्ण स्वस्थ होकर सार्वजनिक जीवन में सक्रिय होंगे।
——————————-
इस खबर को पढ़ें…
दिशोम गुरु शिबू सोरेन की कंडिशन स्टेबल, ICU में भर्ती:पैरालिसिस अटैक के बाद दिल्ली के गंगाराम अस्पताल में इलाजरत; जगन्नाथ मंदिर में विशेष पूजा झारखंड के सीएम हेमंत सोरेन के पिता दिशोम गुरु शिबू सोरेन दिल्ली के सर गंगाराम अस्पताल में इलाजरत हैं। उन्हें पेरालिसिस का माइनर अटैक हुआ है। अस्पताल के ICU वार्ड में इलाजरत शिबू सोरेन की हालत स्थिर बताई जा रही है। हालांकि डॉक्टरों की टीम अब भी उन्हें अपनी मॉनिटरिंग में ही रखे हुए हैं। इधर, उनके बेहतर स्वास्थ्य और ठीक हो कर झारखंड लौटने के लिए रथयात्रा के दौरान रांची में झामुमो प्रवक्ता मनोज पांडेय सहित अन्य नेताओं ने पूजा अर्चना की। वहीं लगभग हर दल के नेताओं ने उनके बेहतर स्वास्थ्य की कामना की है। राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू ने भी सर गंगाराम अस्पताल जा कर वहां मौजूद सीएम हेमंत सोरेन, विधायक कल्पना सोरेन से भेंट की और गुरुजी का हालचाल जाना। पूरी खबर यहां पढ़ें…

FacebookMastodonEmail

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *