गढ़वा|पूर्व मुख्यमंत्री सह राज्य सभा सांसद शिबू सोरेन के निधन पर सोमवार को समाहरणालय में शोक सभा का आयोजन किया गया। मौके पर डीसी, एसपी सहित अन्य अधिकारियों, पदाधिकारियों व कर्मियों ने दो मिनट का मौन रखकर मृतक की आत्मा की शांति के लिए ईश्वर से प्रार्थना किया। वहीं उनकी तस्वीर पर पुष्प चढ़ाकर श्रद्धा सुमन अर्पित किया। शिबू सोरेन के निधन पर राज्य सरकार की ओर से चार अगस्त से छह अगस्त तक तीन दिवसीय राजकीय शोक घोषित किया गया है। इस दौरान सभी सरकारी कार्यालय चार व पांच अगस्त को बंद रहेगा। विदित हो कि चार अगस्त की सुबह नई दिल्ली स्थित गंगाराम अस्पताल में शिबू सोरेन का निधन हो गया। गढ़वा|समाजसेवा के क्षेत्र में सक्रिय डॉ असजद अंसारी ने एक भावुक स्मृति साझा करते हुए कहा कि जब वह गुरुजी से पहली बार मिले थे, तो वह क्षण उनके जीवन का एक अविस्मरणीय अनुभव बन गया। डॉ असजद ने बताया कि जब उन्होंने गुरुजी से अपनी पहली मुलाकात में यह कहा कि वे डॉ यासीन अंसारी के पुत्र हैं, तो गुरुजी का चेहरा एक अलग ही खुशी से खिल उठा। गुरुजी ने उन्हें अपने पास बैठने का आग्रह करते हुए कहा, तुम्हारे पिता जब झारखंड एकेडमिक काउंसिल (जैक)के पार्षद हुआ करते थे, तब हमारी सदन में कई बार मुलाकातें होती थीं। वे बहुत ही ईमानदार और सच्चे इंसान हैं। गुरुजी की यह बातें सुनकर डॉ असजद का मन गर्व से भर गया। गुरुजी ने उन्हें आशीर्वाद देते हुए कहा था कि”तुम्हें भी सच्चाई और ईमानदारी के रास्ते पर चलना है।


