भास्कर न्यूज | लुधियाना शहर के शिमलापुरी इलाके में एक 22 वर्षीय युवती की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई। मृतका की पहचान ज्योति (22) पुत्री धर्मपाल, निवासी गली नंबर 15, प्रीत नगर, शिमलापुरी के रूप में हुई है। वह पेशे से एक स्कूल टीचर थी और घर पर ट्यूशन भी पढ़ाती थी। शुक्रवार शाम जब ज्योति ने अपने कमरे का दरवाजा नहीं खोला, तो उसकी मां ने उसे आवाज लगाई। जब कोई जवाब नहीं मिला, तो दरवाजा तोड़ा गया। ज्योति फंदे से लटक रही थी। परिवार ने तुरंत पुलिस को सूचना दी। मौके पर पहुंची थाना शिमलापुरी की पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर सिविल अस्पताल की मोर्चरी में रखवा दिया। गला दबाकर हत्या की आशंका पुलिस की प्रारंभिक जांच में मामला आत्महत्या का प्रतीत हो रहा था, लेकिन जब मृतका की मां ने बताया कि कुछ देर पहले तक सब कुछ सामान्य था, तो शक और गहरा गया। पुलिस को संदेह है कि युवती की गला दबाकर हत्या की गई है और बाद में इसे आत्महत्या का रूप देने की कोशिश की गई। सूत्रों के मुताबिक, मृतका अपने पिता की मौत के बाद अपनी मां और दो भाइयों के साथ रहती थी। पुलिस को संदेह है कि इस घटना में उसके ही परिवार के किसी सदस्य का हाथ हो सकता है। फिलहाल, पुलिस ने परिवार के सभी सदस्यों से पूछताछ शुरू कर दी है। पुलिस का कहना है कि युवती की मौत की असली वजह पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही स्पष्ट होगी। जांच अधिकारी बचित्तर सिंह ने बताया कि शनिवार को पोस्टमार्टम के बाद आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी। पुलिस हर एंगल से जांच कर रही है और जल्द ही इस रहस्यमयी मौत से पर्दा उठ सकता है।


