हिमाचल के शिमला के रामपुर में चल रहे अंतरराष्ट्रीय लवी मेले में इन दिनों एक ठग गिरोह सक्रिय है। यह गिरोह गिट्टी और ताश के पत्तों के खेल के माध्यम से लोगों को निशाना बना रहा है। गिरोह का एक सदस्य मेले की भीड़ का फायदा उठाकर हाथ की सफाई से ताश के पत्तों का खेल दिखाता है। वह भोले-भाले लोगों को लालच देकर बड़ी रकम हड़प लेता है। इस व्यक्ति के साथ तीन अन्य साथी भी होते हैं। ये साथी पहले खुद दांव लगाकर लगातार जीतते हैं, जिससे आसपास खड़े लोग भ्रमित होकर दांव लगाने के लिए प्रेरित होते हैं। जैसे ही कोई बाहरी व्यक्ति इस झांसे में आकर पैसे लगाता है, ताश के पत्तों की चाल बदल दी जाती है और उसकी पूरी रकम पल भर में हड़प ली जाती है। लोगो ने सौंपे आरोपियों की वीडियो और फोटो शिकायतकर्ताओं के अनुसार, यह गिरोह लोगों को फंसाने के लिए पहले भीड़ जुटाता है और शिकार मिलते ही फरार हो जाता है। लोगों ने इस गिरोह की तस्वीरें और वीडियो पुलिस को सौंपे हैं। ग्रामीणों ने मेले में सख्त निगरानी और ऐसे खेलों पर तुरंत रोक लगाने की मांग की है। डीएसपी नरेश शर्मा ने बताया कि सट्टा खिलाकर लोगों को ठगने वाले गिरोह को पकड़कर नियमानुसार कार्रवाई की गई है।


