शिमला में स्कूली बच्चों से भरी बोलेरो खाई में गिरी:प्रिंसिपल समेत 8 स्टूडेंट घायल; स्थानीय लोगों ने अस्पताल पहुंचाया, प्रशासन ने फौरी राहत दी

हिमाचल की राजधानी शिमला में आज (बुधवार को) स्कूल की बोलेरो खाई में जा गिरी। इसमें सरस्वती विद्या मंदिर स्कूल पनोही की प्रिंसिपल समेत 8 बच्चे सवार थे। इस दुर्घटना में प्रिंसिपल और कई बच्चों को चोटें आई है। अच्छी बात यह रही कि कोई जानी नुकसान नहीं हुआ। यह हादसा नेहरा गांव के पास पनियाली में हुआ। सूचना के अनुसार, यह हादसा आज सुबह के वक्त पेश आया, जब गाड़ी बच्चों को लेकर स्कूल आ रही थी। इसी दौरान गाड़ी पनियाली के पास सड़क से नीचे पलट गई और करीब 150 मीटर गहरी खाई में रुकी। इसके बाद मौके पर चीख पुकार मच गई। स्थानीय लोगों की मदद से सभी को खाई से निकाला गया। प्रिंसिपल और बच्चों को दी फौरी राहत गाड़ी में स्कूल के प्रिंसिपल देवी चंद शर्मा के साथ 8 बच्चे सवार थे। दुर्घटना में सभी को मामूली चोटें आईं। हादसे के बाद इन बच्चों को नजदीक के सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र हलोग धामी में भर्ती कराया गया। इसके बाद, पंचायत प्रधान मीरा शर्मा, धामी चौकी इंचार्ज राजेंद्र पाल, विकास जमवाल और नायब तहसीलदार राकेश शर्मा भी अस्पताल पहुंचे। प्रशासन ने तत्काल राहत के रूप में प्रिंसिपल को 5,000 रुपए और प्रत्येक बच्चे को दो दो हजार रुपए की सहायता राशि दी। डॉक्टर के अनुसार, सभी घायल खतरे से बाहर हैं। पंचायत प्रधान मीरा शर्मा ने बताया कि 3 बच्चों व प्रिंसिपल को शिमला रेफर किया गया है। इनको चोटें आई थी। अन्य छात्रों को धामी में ही प्राथमिक उपचार के बाद छुट्टी दे दी गई है।

FacebookMastodonEmail

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *