शिलांग कोर्ट में वीसी के जरिये 5-7 लड़कियों के वीडियो दिखाकर पूछा कि इनमें से सोनम कौन है। इंदौर से बयान देने गए राजा रघुवंशी के भाई विपिन ने कहा इसे कैसे भूल सकता हूं। इसने तो मेरे भाई की हत्या की है। वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के जरिये ही सोनम की पहचान परेड की गई। विपिन ने इस केस के दूसरे मास्टर माइंड राज कुशवाह को भी पहचाना। इंदौर के बहुचर्चित राजा रघुवंशी हत्याकांड मामले में गुरुवार को राजा के भाई विपिन रघुवंशी के शिलांग कोर्ट में दूसरे दिन बयान दर्ज किए गए। शुक्रवार को भी विपिन के बयान और फिर क्रॉस होंगे। केस स्ट्रांग : 5 आरोपियों के खिलाफ 90 गवाह
शिलांग पुलिस ने राजा रघुवंशी हत्याकांड में मुख्य पांच आरोपी सोनम, राज व उसके तीन साथियों के खिलाफ 90 गवाह तैयार किए हैं। इनके बयानों और क्रॉस प्रोसेस के बाद ही आरोपियों की सजा तय होगी। विपिन : ये तो राजा की शवयात्रा में भी आया था
सोनम की पहचान करवाने के बाद विपिन से दूसरे आरोपी राज कुशवाह की पहचान करवाई गई। विपिन ने कहा कि ये राज कुशवाह है। सवाल हुआ कि आप कैसे कह सकते हैं कि ये राज है। विपिन ने कहा कि जब मैं भाई का शव लेकर इंदौर पहुंचा तो ये शवयात्रा में शामिल हुआ था। कोर्ट ने पूछा शादी कैसे हुई : कोर्ट ने विपिन से पूछा कि सोनम और राजा की शादी कैसे हुई। क्या आप पहले से एक-दूसरे को जानते थे। विपिन ने कहा कि हम पहले कभी किसी को नहीं जानते थे। हमारे समाज का सोशल मीडिया ग्रुप है। इसी के जरिये रिश्ता तय हुआ था।


