शिवगंज खेल मैदान में खड़ी एंबुलेंस 108 में लगी आग:फायर ब्रिगेड पहुंचने से पहले पूरी तरह जलकर खाक हुई

शिवगंज मुख्यालय के खेल मैदान में खड़ी एक पुरानी एंबुलेंस 108 में शनिवार को भीषण आग लग गई। आग इतनी तेजी से फैली कि फायर ब्रिगेड के पहुंचने से पहले ही एंबुलेंस पूरी तरह जलकर खाक हो गई। गनीमत रही कि इस घटना में कोई जनहानि नहीं हुई, और खेल रहे बच्चे सुरक्षित रहे। जानकारी के अनुसार यह एंबुलेंस पिछले दो साल से खराब हालत में शिवगंज खेल मैदान में खड़ी थी। शनिवार को अज्ञात कारणों से इसमें अचानक आग लग गई। आग की लपटें और धुआं तेज़ी से फैलने लगा, जिससे मौके पर खेल रहे बच्चे घबराकर मैदान के दूसरे छोर पर भाग गए। आग लगते ही खेल मैदान और आसपास के क्षेत्र में अफरा-तफरी का माहौल बन गया। शिवगंज थाने के सीसीटीवी फुटेज में आग और धुएं को देखकर ड्यूटी ऑफिसर भीम सिंह ने तुरंत अग्निशमन वाहन को मौके पर पहुंचने का निर्देश दिया। इसके साथ ही एक पुलिस टीम भी घटनास्थल के लिए रवाना हो गई। अग्निशमन अधिकारी राकेश वैष्णव अपनी टीम के साथ मौके पर पहुंचे। उन्होंने एहतियात के तौर पर आसपास मौजूद लोगों को एंबुलेंस से दूर हटने को कहा, क्योंकि इसमें सिलेंडर होने की आशंका थी। करीब आधे घंटे की मशक्कत के बाद आग पर काबू पा लिया गया, लेकिन तब तक एंबुलेंस पूरी तरह जल चुकी थी। आग लगने का कारण अभी तक स्पष्ट नहीं हो पाया है और पुलिस मामले की जांच कर रही है। इस घटना का एक उल्लेखनीय पहलू यह रहा कि चिकित्सा विभाग का कोई भी कर्मचारी या अधिकारी मौके पर नहीं पहुंचा। घटना के बाद वहां मौजूद लोगों में इस बात को लेकर काफी चर्चा रही की एंबुलेंस अगर कंडम हो चुकी है तो उन्हें किन कारण से वहां पर लाकर रखा गया। जहां पहले से ही काफी घास फूस जमा है। शिवगंज पुलिस इस मामले को गंभीरता से लेते हुए जांच कर रही है।

FacebookMastodonEmail

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *