शिवपुरी के ईदगाह परिसर में नवजात का शव मिला:पेट पर कुत्तों ने नोंचा, सीसीटीवी में संदिग्ध महिला दिखाई दी

शिवपुरी शहर के झांसी रोड स्थित ईदगाह परिसर में सोमवार रात मानवता को झकझोर देने वाली घटना सामने आई। यहां एक नवजात बच्चे के शव को कुत्ते नोचते हुए देखे गए। घटना सोमवार रात करीब 9 बजे की बताई जा रही है। सूचना मिलने पर देहात थाना पुलिस मौके पर पहुंची और नवजात के शव को कब्जे में लेकर जिला अस्पताल की मोर्चरी में रखवाया। मंगलवार को शव का पोस्टमार्टम कराया जाएगा। कुत्ते शव को मदरसे के पास ले आए जानकारी के अनुसार कुछ कुत्ते नवजात बच्चे के शव को ईदगाह परिसर में बने मदरसे के पास ले आए थे। इसी दौरान वहां मौजूद लोगों की नजर शव पर पड़ी। लोगों ने कुत्तों को भगाया और तत्काल पुलिस को सूचना दी। संदिग्ध महिला पर जताई जा रही आशंका मौके पर मौजूद लोगों का कहना है कि सोमवार दोपहर करीब 4 बजे एक संदिग्ध महिला ईदगाह परिसर में देखी गई थी, लेकिन उस समय किसी ने इस पर ध्यान नहीं दिया। रात में घटना सामने आने के बाद आशंका जताई जा रही है कि उक्त महिला नवजात को फेंकने आई हो सकती है। प्रारंभिक जांच में नवजात लड़का बताया जा रहा है। कुत्तों द्वारा नोचे जाने के कारण उसके पेट पर गहरे घाव हैं, जिससे यह स्पष्ट नहीं हो सका है कि बच्चे का जन्म अस्पताल में हुआ था या घर पर। पुलिस यह भी जांच कर रही है कि नवजात जन्म के समय मृत था या जन्म के बाद उसकी मौत हुई। पुलिस सभी संभावित पहलुओं पर जांच कर रही है। यह भी पता लगाने का प्रयास किया जा रहा है कि मामला अवैध गर्भ, सामाजिक दबाव या किसी अन्य कारण से जुड़ा है। फिलहाल देहात थाना पुलिस सीसीटीवी फुटेज और आसपास के लोगों से पूछताछ के आधार पर पूरे मामले की पड़ताल में जुटी हुई है।

FacebookMastodonEmail

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *