शिवपुरी जिला पंचायत उपाध्यक्ष ने दिया त्यागपत्र:अमित पढेरया ने शिक्षा स्थायी समिति अध्यक्ष पद छोड़ा; डीईओ पर लगाए भ्रष्टाचार के आरोप

शिवपुरी के जिला पंचायत उपाध्यक्ष अमित पढेरया ने बुधवार को शिक्षा स्थायी समिति के अध्यक्ष पद से इस्तीफा दे दिया। उन्होंने मुख्य कार्यपालन अधिकारी को एक पत्र लिखा, जिसमें जिला शिक्षा अधिकारी विवेक श्रीवास्तव पर कई गंभीर आरोप लगाए। पढेरया ने कहा कि डीईओ शासन के आदेशों की अनदेखी कर रहे हैं और जिला पंचायत के प्रतिनिधियों को नजरअंदाज किया जा रहा है। डीईओ पर लगाए भ्रष्टाचार के आरोप पढेरया ने बताया कि छात्र हित से जुड़ी योजनाओं जैसे साइकिल वितरण, पुस्तक वितरण और आईसीटी लैब शुरू करने की जानकारी जिला पंचायत के लोगों को नहीं दी जाती। साथ ही, कई सालों से अनुपस्थित शिक्षकों को नियम के खिलाफ स्कूलों में भेजा जा रहा है। तबादले और प्राचार्यों की तैनाती में भ्रष्टाचार हो रहा है। उन्होंने यह भी कहा कि प्राचार्यों से पासवर्ड बदलने और आदेश दिलाने के नाम पर अवैध वसूली की जा रही है। पीएम श्री स्कूलों में भी फर्म से खरीदारी कर लाखों रुपए की गड़बड़ी की गई। स्कूलों में सामग्री की आपूर्ति में भी गड़बड़ी की बात कही। पढेरया ने आरोप लगाया कि डीईओ शिक्षकों और प्राचार्यों से रिश्वत लेकर काम करते हैं और जब भी शिक्षा विभाग की समस्याओं पर उनसे बात की जाती है, तो वे टालमटोल करते हैं। इन सब बातों से दुखी होकर उन्होंने अपना इस्तीफा दिया है।

FacebookMastodonEmail

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *