मानवाधिकार दिवस पर घोषित प्रतिष्ठित तिनका तिनका इंडिया अवॉर्ड्स 2025 में शिवपुरी का नाम भी शामिल हुआ है। सर्किल जेल शिवपुरी में आजीवन कारावास की सजा काट रहे 34 वर्षीय कैदी ‘आराम’ को इस वर्ष स्पेशल मेंशन अवॉर्ड के लिए चुना गया है। वह देशभर के 18 चयनित बंदियों में से यह सम्मान प्राप्त करने वाले शिवपुरी के एकमात्र कैदी हैं। वहीं मध्य प्रदेश के तीन कैदियों को अवॉर्ड मिला है। कैदी आराम वर्ष 2022 से शिवपुरी सर्किल जेल में बंद हैं। जेल में आने के बाद उन्होंने फर्नीचर उद्योग में गहरी रुचि दिखाई। उनकी कार्यकुशलता और समर्पण को देखते हुए जेल प्रशासन ने उन्हें अन्य कैदियों को प्रशिक्षण देने की जिम्मेदारी सौंपी। उनके मार्गदर्शन में जेल का फर्नीचर उद्योग उल्लेखनीय रूप से विकसित हुआ है। अब यहां लगातार कैदियों को कुशल प्रशिक्षण दिया जा रहा है। जूरी ने उनके इन प्रयासों की सराहना की और जेल में रचनात्मकता व सकारात्मक माहौल बनाने में उनके योगदान को विशेष उल्लेख पुरस्कार के योग्य माना। तिनका तिनका अवॉर्ड्स 2025 में कुल 18 कैदियों का चयन किया गया है। इनमें 13 सजायाफ्ता और 5 विचाराधीन कैदी शामिल हैं। पुरस्कारों का चयन तीन श्रेणियों – पेंटिंग, स्पेशल मेंशन और बंदिनी – के आधार पर किया गया। इस वर्ष पेंटिंग कैटेगरी की थीम ‘जेल में संगीत’ थी। प्रोफेसर डॉ. वर्तिका नन्दा द्वारा स्थापित तिनका तिनका फाउंडेशन देशभर की जेलों में रचनात्मकता, सुधार और सकारात्मक बदलाव को बढ़ावा देता है। पिछले एक दशक में इस फाउंडेशन ने 170 से अधिक बंदियों और 50 से अधिक जेल अधिकारियों को सम्मानित किया है। सर्किल जेल शिवपुरी के कैदी आराम को मिला यह राष्ट्रीय स्तर का सम्मान जेल प्रशासन के सुधारात्मक प्रयासों और कैदियों में कौशल विकास की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम को दर्शाता है।


