शिवपुरी में ई-रिक्शा से के बैटरी-टायर और सामान चुराया:सिर्फ बॉडी छोड़ गए चोर; युवक का रोजगार प्रभावित, किश्त भरने में कठिनाई

शिवपुरी जिले के लुकवासा चौकी क्षेत्र के ग्राम पूरनखेड़ी में एक ई-रिक्शा चोरी का मामला सामने आया है। पीड़ित युवक ने रोज़गार के लिए कर्ज लेकर यह ई-रिक्शा खरीदा था। चोरों ने वाहन से बैटरी, चार्जर और अन्य कीमती सामान चुरा लिया। पुलिस ने अज्ञात चोरों के खिलाफ मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। ग्राम पूरनखेड़ी निवासी 26 वर्षीय विमल किशोर जाटव पुत्र रंगीलाल जाटव ने उप-चौकी लुकवासा में रिपोर्ट दर्ज कराई। विमल ई-रिक्शा चलाकर अपना जीवन यापन करता है। उसने बताया कि बीती रात उसने अपना ई-रिक्शा घर के सामने हाईवे रोड किनारे खड़ा किया था। सुबह करीब 4 बजे उसके पिता जागे तो ई-रिक्शा वहां नहीं था। परिजनों और पड़ोसियों से पूछताछ की गई। पड़ोसी निजी डॉक्टर सतीश ने बताया कि रात करीब 2 बजे जब एक मरीज इलाज के लिए आया था, तब भी ई-रिक्शा वहां मौजूद नहीं था। इसके बाद फरियादी ने गांव और आसपास के क्षेत्र में ई-रिक्शा की तलाश की, लेकिन उसका कोई पता नहीं चला। सिर्फ बॉडी छोड़ गए चोर
बाद में ई-रिक्शा पनवारी रोड पर हैंडपंप के पास झाड़ियों में लावारिस हालत में मिला। चोर उसमें से बैटरी, चार्जर, मोटर-पंखा, डैग और चारों पहिए चुरा ले गए थे। मौके पर केवल ई-रिक्शा की खाली बॉडी पड़ी मिली, जिसे फरियादी अपने घर ले आया। फरियादी की शिकायत पर अज्ञात चोरों के खिलाफ प्राथमिकी (FIR) दर्ज कर ली गई है। पुलिस ने ई-रिक्शा की बॉडी फरियादी को सुपुर्द कर दी है। पीड़ित विमल किशोर ने बताया कि उसने यह ई-रिक्शा कर्ज लेकर खरीदा था और इसी से उसके परिवार का गुजारा होता था। आवश्यक सामान चोरी हो जाने के कारण ई-रिक्शा अब चलने लायक नहीं बचा है। इससे उसकी कमाई पूरी तरह बंद हो गई है। विमल ने जल्द से जल्द चोरी हुए सामान की बरामदगी और आरोपियों की गिरफ्तारी की मांग की है।

FacebookMastodonEmail

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *