शिवपुरी शहर में पीएस होटल के पास स्थित एक किराना दुकान से 2 हजार रुपए चोरी हो गए। ग्राहक बनकर आए एक युवक ने इस वारदात को अंजाम दिया। चोरी की यह पूरी घटना दुकान में लगे सीसीटीवी कैमरे में कैद हो गई है। पीड़ित दुकानदार ने कोतवाली थाने में मामले की लिखित शिकायत दर्ज कराई है। हर्षिता किराना स्टोर के संचालक धर्मेंद्र राठौर ने बताया कि यह घटना रविवार रात की है। उस समय वे दुकान के बाहर साफ-सफाई कर रहे थे। उन्होंने अपनी जेब में रखे 2 हजार रुपए काउंटर के नीचे रख दिए थे। दुकान के अंदर उनकी बेटी बैठी हुई थी। इसी दौरान एक युवक दुकान पर पहुंचा। उसने पहले पान मसाला और फिर जर्दा पाउच मांगा। मौका पाकर युवक ने काउंटर के नीचे हाथ डालकर रखे हुए 2 हजार रुपए निकाल लिए और दुकान से चला गया। कुछ देर बाद जब धर्मेंद्र राठौर दुकान के अंदर पहुंचे, तो उन्हें पैसे गायब मिले। संदेह होने पर उन्होंने दुकान में लगे सीसीटीवी फुटेज चेक किए। फुटेज में युवक चोरी करता हुआ साफ दिखाई दे रहा था। पीड़ित दुकानदार ने सीसीटीवी फुटेज के साथ कोतवाली थाने में लिखित शिकायत दर्ज कराई है। पुलिस ने मामला दर्ज कर अज्ञात आरोपी की तलाश शुरू कर दी है।


