शिवपुरी में दो कारों की टक्कर में डॉक्टर घायल:कोलारस की घटना, इधर चार्जिंग के दौरान दो इलेक्ट्रिक स्कूटी जलीं

शिवपुरी जिले के कोलारस थाना क्षेत्र में गुरुवार रात दो अलग-अलग घटनाएं सामने आईं। एक सड़क हादसे में ग्वालियर के एक डॉक्टर घायल हो गए, जबकि दूसरी घटना में चार्जिंग के दौरान दो इलेक्ट्रिक स्कूटी में आग लग गई और वे पूरी तरह जलकर खाक हो गईं। दो कारों की टक्कर में डॉक्टर घायल
पहली घटना कोलारस थाना क्षेत्र के कैला देवी वेयरहाउस के पास हाईवे पर हुई। तेज गति से आ रही दो कारों की टक्कर में ग्वालियर निवासी डॉक्टर एस.के. जैन घायल हो गए। उन्हें सीने में चोटें आई हैं। डॉक्टर जैन को तत्काल उपचार के लिए कोलारस अस्पताल में भर्ती कराया गया है। बताया गया है कि वह अपने साथियों के साथ इंदौर से ग्वालियर जा रहे थे, तभी यह दुर्घटना हुई। सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और मामले की जांच शुरू कर दी है। चार्जिंग पर लगी दो इलेक्ट्रिक स्कूटी जलीं
दूसरी घटना कोलारस थाना क्षेत्र के लोधी मोहल्ला में हुई। यहां मजबूत धाकड़ और प्रदीप धाकड़ की दो इलेक्ट्रिक स्कूटी एक मकान के कमरे में चार्जिंग पर लगी थीं। चार्जिंग के दौरान शॉर्ट-सर्किट के कारण अचानक आग भड़क उठी। आग इतनी तेजी से फैली कि चंद मिनटों में दोनों स्कूटी को अपनी चपेट में ले लिया। वाहन मालिकों और आसपास के लोगों ने आग बुझाने का प्रयास किया, लेकिन तब तक दोनों स्कूटी पूरी तरह जलकर कबाड़ हो चुकी थीं। इस घटना में करीब 50 हजार रुपये का नुकसान बताया जा रहा है। पुलिस ने आगजनी का मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।

FacebookMastodonEmail

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *