शिवपुरी जिले में एक पालतू कुत्ते ने अपने मृत मालिक के प्रति अनोखी वफादारी दिखाई है। करैरा थाना क्षेत्र के ग्राम बडोरा में मालिक की आत्महत्या के बाद कुत्ता उनके शव के पास पूरी रात बैठा रहा और अंतिम संस्कार तक साथ नहीं छोड़ा। जानकारी के अनुसार, ग्राम बडोरा निवासी 40 वर्षीय जगदीश प्रजापति ने सोमवार को अपने घर में फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली थी। जब परिजनों को इस घटना का पता चला, तो उन्होंने देखा कि मृतक का पालतू कुत्ता पूरी रात जगदीश के शव के पास बैठा हुआ था, जैसे उसकी रखवाली कर रहा हो। ट्रैक्टर के पीछे 4 किमी दौड़ता रहा
आज (मंगलवार) शव को पोस्टमॉर्टम के लिए करैरा ले जाया गया। इस दौरान कुत्ता ट्रैक्टर-ट्रॉली के पीछे करीब चार किलोमीटर तक दौड़ता रहा। परिजनों को अंततः उसे ट्रॉली में बैठाना पड़ा। पोस्टमॉर्टम हाउस में भी कुत्ता पूरे समय शव के साथ रहा। पोस्टमॉर्टम की प्रक्रिया पूरी होने के बाद वह शव के साथ वापस गांव लौटा। अंतिम संस्कार के समय भी कुत्ता वहीं मौजूद था। इस पूरे समय उसने कुछ भी खाया-पिया नहीं और अपने मालिक के पास ही बैठा रहा। पुलिस ने इस मामले में मर्ग कायम कर लिया है और शव का पोस्टमॉर्टम कराया गया है।


