शिवपुरी के देहात थाना क्षेत्र में सोमवार शाम एक 35 वर्षीय आदिवासी महिला ने फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली। महिला का शव खेत में लगे महुआ के पेड़ पर साड़ी के फंदे से लटका मिला। सूचना पर पहुंची पुलिस ने शव को उतारकर जिला अस्पताल की मॉर्च्युरी में रखवाया, जहां मंगलवार को उसका पोस्टमॉर्टम कराया गया है। मामला संदिग्ध माना जा रहा है, क्योंकि मृतका के लिव-इन पार्टनर और परिजनों के बयानों में विरोधाभास है। मृतका की पहचान गोमा आदिवासी के रूप में हुई है। गोमा के पति नवल की 5 साल पहले मौत हो गई थी। वह अकेली रह रही थी। इसी दौरान करीब दो साल पहले वह इरफान खान के संपर्क में आई और उसके साथ पत्नी की तरह रहने लगी। इरफान एक होटल पर काम करता था। उसने ही गोमा को पठारे कॉलोनी में कमरा और एक खेत पर चौकीदारी का काम दिलवाया था। इरफान खान पहले से शादीशुदा है और वह अपनी पहली पत्नी के साथ गौशाला में रहता है। इसके बावजूद उसने गोमा आदिवासी को बिना शादी किए पत्नी बनाकर अपने साथ रखा हुआ था। सास का आरोप- इरफान पहले से शादीशुदा, रोज पीटता था गोमा के पहले पति नवल की मां राधा आदिवासी ने इरफान पर हत्या और प्रताड़ना के गंभीर आरोप लगाए हैं। राधा का कहना है कि इरफान पहले से शादीशुदा है और अपनी पत्नी के साथ गौशाला में रहता है। उसने गोमा को बिना शादी किए रखा था। राधा के मुताबिक, “गोमा बताती थी कि इरफान उसके साथ मारपीट करता है। उसी ने मेरी बहू को मारकर लटकाया है या उसे मरने पर मजबूर किया है।” प्रेमी की अजीब दलील- शराब पीते ही भूत आता था इरफान खान ने अपने ऊपर लगे आरोपों को खारिज करते हुए अजीब कहानी सुनाई है। उसका कहना है कि गोमा को शराब की लत लग गई थी। वह जब भी शराब पीती थी, तो उसमें उसके पहले पति नवल की ‘आत्मा’ आ जाती थी और वह अजीब हरकतें करने लगती थी। इरफान ने दावा किया कि उसका झाड़-फूंक से इलाज भी चल रहा था। घटना के वक्त वह खेत पर अकेली थी। पुलिस बोली- जांच जारी, पीएम रिपोर्ट से खुलेगा राज देहात थाना प्रभारी जितेंद्र मावई ने बताया कि मर्ग कायम कर लिया गया है। परिजनों और लिव-इन पार्टनर के बयान दर्ज किए जा रहे हैं। पोस्टमॉर्टम रिपोर्ट आने के बाद ही मौत की असली वजह साफ हो पाएगी। उसी आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।


