अमृतसर| शिव सेना टकसाली के राष्ट्रीय अध्यक्ष बृज मोहन सूरी ने महाशिवरात्रि को राष्ट्रीय पर्व घोषित किए जाने की जोरदार मांग करते हुए कहा है कि यदि सरकार अन्य धर्मों के पर्वों को राष्ट्रीय स्तर पर मान्यता दे सकती है, तो सनातन धर्म के सबसे पावन पर्वों में से एक शिवरात्रि को इससे वंचित रखना भेदभाव है। बृज मोहन सूरी ने कहा कि भगवान शिव केवल किसी एक वर्ग के नहीं, बल्कि संपूर्ण मानवता के आराध्य हैं। शिवरात्रि भारतीय संस्कृति, योग, तपस्या और आत्मिक चेतना का प्रतीक है। इसके बावजूद शिवरात्रि को राष्ट्रीय पर्व का दर्जा न मिलना हिंदू समाज की आस्था को ठेस पहुंचाता है। उन्होंने आरोप लगाया कि सरकार की नीतियों में तुष्टिकरण की राजनीति साफ दिखाई देती है। बृज मोहन सूरी ने पंजाब सरकार को चेतावनी देते हुए कहा कि यदि अति शीघ्र शिवरात्रि को राष्ट्रीय पर्व घोषित करने की दिशा में निर्णय नहीं लिया गया, तो वे व्यक्तिगत रूप से हाई कोर्ट में जनहित याचिका (पीआईएल) दायर करेंगे। उन्होंने कहा कि शिव सेना टकसाली इस मुद्दे पर पीछे हटने वाली नहीं है और जरूरत पड़ी तो लोकतांत्रिक तरीके से आंदोलन भी किया जाएगा।


