जबलपुर में धार्मिक भावनाएं आहत करने का मामला सामने आया है। गढ़ा थाना क्षेत्र के सिंगरा मोहल्ले में स्थित एक चबूतरे पर विराजमान शिवलिंग के पास युवक द्वारा पेशाब करने का आरोप है। घटना के बाद इलाके में तनाव की स्थिति बन गई। यह घटना सोमवार-मंगलवार की दरमियानी रात की बताई जा रही है। शिकायत के बाद पुलिस ने काजीनगर निवासी मोहम्मद रिजवान उर्फ भूरा के खिलाफ धारा 196 और 298 के तहत मामला दर्ज कर उसे गिरफ्तार कर लिया है। रहवासी बोले- यह प्राचीन चबूतरा
घटना के बाद विश्व हिंदू परिषद, बजरंग दल और स्थानीय नागरिकों ने चबूतरे का शुद्धिकरण किया। नर्मदा और गंगा जल से चबूतरे को धोया गया, गोबर से लीपाई की गई और पंडित द्वारा विधि-विधान से शिवलिंग का अभिषेक कराया गया। स्थानीय निवासी राजकुमार ने बताया कि यह चबूतरा प्राचीन है और त्योहारों पर यहां बड़ी संख्या में श्रद्धालु पूजा-अर्चना के लिए पहुंचते हैं। देखिए तस्वीरें सुरक्षा व्यवस्था मजबूत करने की मांग
पूर्व पार्षद संजय तिवारी ने कहा कि धार्मिक स्थल के पास की गई इस हरकत से क्षेत्र के लोगों की भावनाएं आहत हुई हैं। आगामी दिनों में महाशिवरात्रि और सावन यात्रा जैसे धार्मिक आयोजनों को देखते हुए स्थानीय लोगों ने प्रशासन से सुरक्षा व्यवस्था मजबूत करने की मांग की है। सीएसपी बोले-आरोपी गिरफ्तार
गढ़ा सीएसपी आशीष जैन ने बताया कि स्थानीय लोगों की शिकायत पर आरोपी के खिलाफ मामला दर्ज कर उसे गिरफ्तार कर लिया गया है। फिलहाल उससे पूछताछ की जा रही है।


