शिवसांई मंदिर में वार्षिकोत्सव पर अभिषेक, पूजन:भंडारे में 15 हजार भक्तों ने ग्रहण की प्रसादी, तीन दिन चला कार्यक्रम

बालाघाट में श्री शिव सांई मंदिर का तीन दिवसीय 20वां वार्षिक उत्सव रविवार को पूरा हो गया। इस अवसर पर श्री सांई बाबा का अभिषेक, पूजन, महाआरती और महाप्रसाद वितरण किया गया। श्री सांई बाबा की प्रतिमा स्थापना की 20वीं वर्षगांठ के उपलक्ष्य में यह उत्सव 12 दिसंबर से श्री शिव सांई मंदिर ट्रस्ट द्वारा आयोजित किया गया था। तीन दिनों तक विभिन्न धार्मिक कार्यक्रमों का आयोजन किया गया। तीन दिन चला उत्सव उत्सव के पहले दिन, 12 दिसंबर शुक्रवार को देर शाम श्री सांई बाबा की पालकी शोभायात्रा निकाली गई। इसमें बेटियां और महिलाओं ने 108 कलश लेकर मंदिर से नगर के महावीर चौक, मेन रोड, राजघाट चौक, काली पुतली चौक, आम्बेडकर चौक, गोंदिया रोड, हनुमान चौक, मेन रोड होते हुए सुभाष चौक से पुनः महावीर चौक से होकर मंदिर तक यात्रा की। उत्सव के दूसरे दिन, 13 दिसंबर शनिवार को सुबह 5 बजे श्री सांई बाबा की काकड़ आरती हुई। इसके बाद 7 बजे अभिषेक किया गया। 8 बजे से मंदिर परिसर में बने पूजन मंडप में शिर्डी के विद्वान पुरोहितों ने पूरे वैदिक विधि-विधान से पूजन और हवन संपन्न कराया। अंतिम दिन, 14 दिसंबर रविवार को सुबह 7 बजे अभिषेक और महाआरती की गई। इसके बाद 56 भोग का प्रसाद चढ़ाया गया और भंडारे के रूप में भक्तों को महाप्रसाद वितरित किया गया। मंदिर ट्रस्ट के अध्यक्ष अरविंद सोनी ने बताया कि तीन दिवसीय समारोह में सांई बाबा की प्राण प्रतिष्ठा मनाई गई। उन्होंने कहा कि महापूजन, महाआरती और महाप्रसाद वितरण में देर रात तक लगभग 10 से 15 हजार लोगों ने सांई प्रसाद ग्रहण किया।

FacebookMastodonEmail

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *