शीतकालीन छुट्‌टी का मुद्दा:आंगनबाड़ी में अवकाश के लिए कलेक्टर अधिकृत, जयपुर के केंद्रों पर 11 तक छुट्टी

आंगनबाड़ी केंद्रों पर आने वाले बच्चों को शीतलहर से बचाने के लिए अवकाश रखने अथवा समय में परिवर्तन करने के लिए कलेक्टरों को अधिकृत किया है। जयपुर में 11 जनवरी तक आंगनबाड़ी केंद्र के बच्चों का अवकाश रहेगा। कलेक्टर डॉ. जितेंद्र कुमार सोनी ने इस दौरान 3-6 आयु वर्ग के बच्चों को देय पूरक पोषाहार का वितरण टेक होम राशन के रूप में देने के निर्देश भी जारी कर दिए हैं। भास्कर ने 29 दिसंबर को आंगनबाड़ी केंद्रों के बच्चों के अवकाश नहीं होने को लेकर ‘आंगनबाड़ियों में शीतकालीन अवकाश नहीं, नौनिहाल परेशान’ शीर्षक से खबर प्रकाशित की थी। इसमें बताया था कि प्रदेश के 62 हजार आंगनबाड़ी केंद्रों में 3 से 6 वर्ष तक के 16 लाख बच्चे अवकाश नहीं होने से शीतलहर में परेशान हो रहे हैं, जबकि स्कूलों में छुट्टी हो चुकी है। खबर प्रकाशित होने के बाद सरकार हरकत में आई और आदेश जारी कर प्रदेश में सभी कलेक्टर को अवकाश के लिए अधिकृत कर दिया। शासन सचिव महिला एवं बाल विकास विभाग महेंद्र सोनी ने बताया कि कलेक्टरों को जिले की स्थिति के अनुसार आंगनबाड़ी केंद्र संचालन के समय में परिवर्तन या अवकाश के संबंध में समुचित निर्णय लेने के आदेश जारी कर दिए हैं। मानदेय कर्मी केंद्रों पर नियमित उपस्थित रहकर अन्य आवश्यक कार्य यथावत संपादित करें, यह निर्देश भी दिए हैं।

FacebookMastodonEmail

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *