शीतलहर के चलते ग्वालियर के स्कूलों में छुट्‌टी घोषित:शनिवार को नर्सरी से आठवीं तक के सभी निजी और सरकार स्कूलों, आंगनवाड़ी में रहेगा अवकाश

ग्वालियर में सर्दी का सितम बढ़ता जा रहा है। लगातार ठंड बढ़ती जा रही है। सुबह की शुरुआत कोहरे से ढंकी हुई होती है और दिन में सूर्य के दर्शन तक नहीं हो रहे हैं। यही कारण है कि ग्वालियर में कलेक्टर रुचिका चौहान ने कक्षा आठवीं तक के बच्चों के लिए 18 जनवरी (शनिवार) को अवकाश घोषित किया है। साथ ही आंगनबाड़ी में भी बच्चों के लिए छुट्‌टी रहेगी। शुक्रवार की सुबह घने कोहरे के साथ हुई थी। दोपहर 12 बजे तक सूर्य नहीं निकलने से गलन वाली ठंड का एहसास हो रहा था। यही कारण है कि ग्वालियर कलेक्टर ने स्कूलों में छुट्‌टी का निर्णय लिया है। ग्वालियर-चंबल अंचल में इस समय हाड़ कंपा देने वाली ठंड का दौर चल रहा है। उत्तर भारत में बर्फबारी के बाद बर्फीले पहाड़ों से टकराकर हवा मैदानी इलाकों में पहुंच रही है। यही कारण है कि मैदानी क्षेत्र में कड़ाके की सर्दी का दौर शुरू हो गया है। शुक्रवार की सुबह कोहरे के साथ हुई। दिन में सूर्य 12 बजे के बाद निकला। दृश्यता भी शहर में 100 मीटर और हाईवे पर शून्य हो गई थी। दिन में अधिकतम तापमान 20.3 डिग्री सेल्सियस और रात में न्यूनतम तापमान 8.1 डिग्री सेल्सियस रहा था।
कलेक्टर ने लिया स्कूलो में छुट्‌टी का निर्णय
कलेक्टर के निर्देश पर जिला शिक्षा अधिकारी अजय कटियार एवं सहायक संचालक महिला बाल विकास राहुल पाठक ने अलग-अलग आदेश जारी किए हैं। जिला शिक्षा अधिकारी द्वारा जारी किया गया आदेश स्कूल शिक्षा विभाग, आईसीएससी व सीबीएसई के सभी सरकारी एवं गैर सरकारी स्कूलों पर लागू होगा। आदेश में यह भी उल्लेख है कि परीक्षाएं पूर्व निर्धारित कार्यक्रम के अनुसार यथावत चलती रहेंगी।
आंगनवाड़ी केन्द्र में भी रहेगी छुट्‌टी
इसी तरह सभी आंगनवाड़ी केंद्रों में भी के बच्चों के लिए शीत लहर को ध्यान में रखकर अवकाश रखा गया है। जिला कार्यक्रम अधिकारी धीरेंद्र सिंह जादौन ने बताया कि आंगनबाड़ी केन्द्रों में केवल बच्चों के लिए छुट्टी रहेगी। केवल पोषण आहार के लिए बच्चे आंगनबाड़ी केन्द्र आ सकेंगे। आंगनबाड़ी कार्यकर्ता एवं सहायिका आंगनवाड़ी की अन्य गतिविधियां यथावत संचालित करेंगीं। विभागीय परियोजना अधिकारी व समस्त पर्यवेक्षकों से इन निर्देशों का पालन कराने के लिए कहा गया है।

FacebookMastodonEmail

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *