चिरमिरी | क्षेत्र में महाशिवरात्रि पर्व की पूर्व संध्या पर धार्मिक आयोजनों की शृंखला के तहत हल्दीबाड़ी स्थित शीतला मंदिर प्रांगण में धार्मिक कार्यक्रम आयोजित किया गया। मंदिर समिति द्वारा आयोजित इस कार्यक्रम की शुरुआत दोपहर 3 बजे विधि-विधान के साथ सुंदरकांड पाठ से हुई, जो देर शाम तक चलता रहा। क्षेत्र के भजन गायक अमरेंद्र श्रीवास्तव व ऋचा श्रीवास्तव ने भक्ति संगीत प्रस्तुत कर वातावरण को भक्तिमय बना दिया। साथ ही स्थानीय महिला भजन मंडलियों ने भगवान शिव और माता शीतला की महिमा का गुणगान किया। हर-हर महादेव के जयघोष से पूरा मंदिर परिसर गूंज उठा। कार्यक्रम में क्षेत्र के महापौर रामनरेश राय भी उपस्थित रहे और क्षेत्र की सुख-समृद्धि की कामना की। आयोजन स्थल आईसीआईसीआई बैंक के समीप स्थित मंदिर परिसर में बड़ी संख्या में श्रद्धालु शामिल हुए। मंदिर समिति के डॉ. गौतम विश्वास व प्रमोद सिंह ने बताया कि ऐसे धार्मिक आयोजन सामाजिक एकता और आध्यात्मिक ऊर्जा को बढ़ावा देते हैं। अंत में श्रद्धालुओं के लिए भोग-भंडारे की व्यवस्था की गई, जहां सभी को प्रसाद वितरण किया गया। आयोजन को लेकर स्थानीय नागरिकों में विशेष उत्साह देखा गया।


