शुरू हुई मोहम्मद शाहिद स्मृति प्राइज मनी हॉकी प्रतियोगिता:उद्घाटन मैच में करमपुर ने साईं लखनऊ को 3-1 से हराया, यूपी पुलिस ने 7-0 से जीता मैच

बीएचयू एम्फीथिएटर के एस्ट्रो टर्फ पर सोमवार से आल इंडिया प्राइज मनी पद्मश्री मोहम्मद शाहिद स्मृति हॉकी प्रतियोगिता का शुभारंभ हुआ। राज्य मंत्री स्वतंत्र प्रभार गिरीश चंद्र यादव ने इस प्रतियोगिता का उद्घाटन किया। प्रतियोगिता नॉकआउट आधार पर खेली जा रही है। प्रतियोगिता के उद्घाटन मुकाबले में करमपुर ने साईं लखनऊ को 3-1 से हराया तो यूपी पुलिस ने बिलासपुर हास्टल को 7-0 से हरा दिया। इस दौरान पद्मश्री मोहम्मद शाहिद की पत्नी परवीन शाहिद का अंगवस्त्र ओढ़ाकर सम्मान किया गया। मंगलवार को तीन मैच खेले जाएंगे। इसमें पहला मैच इंडियन ऑयल नई दिल्ली और करमपुर, गाजीपुर के बीच, दूसरा मैच एसएसबी लखनऊ और बिलासपुर और तीसरा मैच यूनियन बैंक मुंबई और अश्वनी स्पोर्ट्स एकेडमी कर्नाटक के बीच खेला जाएगा। उद्घाटन मैच में करमपुर बना विजेता
प्रतियोगिता के उ‌द्घाटन मैच मेघबरन सिंह हॉकी एकेडमी करमपुर तथा नेशनल सेण्टर ऑफ एक्सीलेंसी (साई) लखनऊ के बीच खेला गया। जिसमें करमपुर ने 3-1 से जीत दर्ज कर पूरे अंक अर्जित किए। खेल के पहले क्वार्टर के 13वें मिनट में करमपुर के दिलीप राजभर ने फील्ड गोल कर अपनी टीम को 1-0 की बढ़त दिलाई। बढ़त के बाद करमपुर के खिलाड़ी खेल को खेल को पूरी तरह से अपने नियंत्रण मे करते हुए दूसरे क्वार्टर के आठवें मिनट में एक बार फिर करमपुर के खिलाड़ियों ने सफलता हासिल उस समय की जब इनके राहुल यादव ने फील्ड गोलकर बढ़त 2-0 किया। जवाब में साई लखनऊ की अग्रिम पंक्ति ने कई अच्छे गोल करने के अवसर बनाये परन्तु करमपुर के गोलकीपर व रक्षा पंक्ति को परास्त करने में विफल रहे। तीसरे क्वार्टर में चन्दन राजभर ने पी.सी. पर गोल कर अपनी टीम को 3-0 की मजबूत स्थिति पर ला खड़ा किया। खेल के अन्तिम क्वार्टर के 56वें मिनट में पराजित टीम ने आक्रमण खेल का प्रदर्शन करते हुए पी.सी. अर्जित की जिस पर इनके नवराज सिंह ने अपनी टीम की पराजय को 1-3 के अन्तर से कम किया। दूसरे मैच में यूपी पुलिस ने जीता मैच
आज का दूसरा मैच यूपी पुलिस बनाम खेलो इंडिया सेन्टर विलासपुर के बीच खेला गया जिसमें यूपी पुलिस ने यह मैच 7-0 से जीत कर दो अंक प्राप्त किए। खेल के 18वें व 54वें मिनट में अरूण सहानी ने 02 गोल व खेल के 23वें व 25वें मिनट में अनुवारूउल्ला शाह ने 02 गोल तथा खेल के 19वें मिनट में अमित यादव ने, 28वें मिनट में अमरजीत यादव ने तथा कौल के 40वें मिनट में अंकित प्रजापति ने एक गोल किया। बिलासपुर की युवा खिलाड़ियों से सुसज्जित टीम सीनियर खिलाड़ियों की रक्षापंक्ति को नहीं भेद पाई और मैच 7-0 के अंतर पर समाप्त हुआ। ये टीमें ले रहीं हिस्सा
अखिल भारतीय पद्मश्री मोहम्मद शाहिद आमंत्रण प्राइज मनी पुरुष हॉकी प्रतियोगिता 17 से 24 फरवरी तक काशी हिंदू विश्वविद्यालय के एस्ट्रो हॉकी मैदान पर खेली जाएगी। क्षेत्रीय कीड़ा अधिकारी विमला सिंह ने बताया कि इस प्रतियोगिता में इंडियन ऑयल नई दिल्ली, पंजाब एंड सिंध बैंक नई दिल्ली, पंजाब नेशनल बैंक नई दिल्ली, उत्तर प्रदेश पुलिस लखनऊ, उत्तर प्रदेश संयुक्त हॉकी छात्रावास, उत्तर प्रदेश एकादश, यूनियन बैंक मुंबई, साई लखनऊ, खेलो इंडिया सेंटर बिलासपुर, मेघबरन सिंह हॉकी एकेडमी गाजीपुर, ए एस अकादमी मैसूर और एन सी आर सोनीपत की टीम हिस्सा ले रही है। लीग कम नॉकआउट आधार पर हो रही प्रतियोगिता
आरएसओ डॉ विमला सिंह ने बताया- यह प्रतियोगिता लीग कम नॉकआउट आधार पर खेली जाएगी। इस प्रतियोगिता मे पहले स्थान पर रहने वाली टीम को दो लाख दूसरे स्थान हासिल करने वाली को एक लाख व तीसरे स्थान पर रहने वाली टीम को पचास हजार रुपए इनाम दिया जाएगा। उप क्रीड़ा अधिकारी अकरम महमूद के अनुसार पूरी प्रतियोगिता में सौ से अधिक राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय खिलाड़ियों का खेल देखने को मिलेगा। योगी जी का धन्यवाद जो टूर्नामेंट शुरू कराया
इस टूर्नामेंट पर पद्मश्री मोहम्मद शाहिद की पत्नी परवीन ने कहा- साल 2016 में उनका निधन हुआ था। उनके निधन के बाद सरकार ने कई वादे किए पर कोई पूरा नहीं हुआ। लेकिन साल 2018 में जब मैंने दिल्ली जाकर उनके सारे पदक और पद्मश्री वापस करने का एलान किया तो सरकार ने मुझसे टूर्नामेंट का वादा किया। जिसके लिए यहां के मौजूदा आरएसओ डॉ आरपी सिंह ने काफी मदद की और अब वह प्रतियोगिता हर साल हो रही है। इसके लिए योगी जी का धन्यवाद है कि उन्होंने यह प्रतियोगिता शुरू करवाई है।

FacebookMastodonEmail

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *