बड़वानी में शैक्षणिक सत्र 2023-24 की साइकिल योजना के तहत शेष रहे विद्यार्थियों को अब साइकिलें मिलेंगी। जिला शिक्षा अधिकारी शिला चौहान के अनुसार, पिछले सत्र में कुछ विद्यार्थियों के खातों में उच्च स्तर से राशि नहीं भेजी जा सकी थी, जिसके कारण वे योजना का लाभ प्राप्त करने से वंचित रह गए थे। ठेका कंपनी के कर्मचारी 380 साइकिलों की एसेंबलिंग में जुटे प्रदेश सरकार की इस योजना के तहत उन विद्यार्थियों को निशुल्क साइकिल प्रदान की जाती है, जिनके घर से स्कूल की दूरी 3 किलोमीटर या उससे अधिक है। वर्तमान में शहर के इंद्रजीत छात्रावास में ठेका कंपनी के कर्मचारी बड़वानी और पाटी क्षेत्र के लिए 380 साइकिलों की एसेंबलिंग में जुटे हुए हैं। गौरतलब है कि वर्तमान सत्र 2024-25 में कक्षा 9वीं के विद्यार्थियों को पहले ही साइकिलें वितरित की जा चुकी हैं। पिछले वर्ष सरकार ने साइकिल की बजाय विद्यार्थियों के खातों में राशि जमा करने का निर्णय लिया था, लेकिन कुछ विद्यार्थियों के खातों में यह राशि नहीं पहुंच पाई। अब इन विद्यार्थियों को, जो वर्तमान में अगली कक्षा में पढ़ रहे हैं, परीक्षा के दौरान साइकिलें वितरित की जाएंगी।


