गिरीडीह नगर थाना क्षेत्र के चिरैयाघाट रोड में स्थित दीपांशु कलेक्शन नामक दुकान में सोमवार की रात को शॉर्ट सर्किट से भीषण आग लग गई। आगजनी कि इस घटना में करीब 3 से 4 लाख की संपत्ति का नुकसान हो गया है। घटना के संबंध में भुक्तभोगी प्रदीप लोहानी ने बताया कि शहरी क्षेत्र के चिरैयाघाट रोड में उनकी दीपांशु कलेक्शन नामक दुकान संचालित है। शाम के वक्त बिजली गुल थी और इन्वर्टर डाउन था। इसी बीच जब वे शाम के वक्त जब दुकान बंद करके गए तो थोड़ी देर के बाद दुकान में अचानक शॉर्ट सर्किट से आग लग गई। घटना की जानकारी उन्हें आस-पास के लोगों ने मोबाइल पर दी। इसके बाद उन्होंने घटना की जानकारी फायर ब्रिगेड की टीम को दी। फायर ब्रिगेड की टीम ने मौके पर पहुंचकर कड़ी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया। एक ही साथ था दुकान और मकान इधर घटना की जानकारी मिलने के बाद नगर थाना पुलिस की टीम भी मौके पर पहुंची और घटना की पूरी जानकारी ली। भुक्तभोगी प्रदीप लोहानी के अनुसार दुकान और मकान दोनों एक ही साथ संचालित था। आगजनी कि इस घटना के बाद आस-पास के इलाके में अफरा – तफरी का माहौल उत्पन्न हो गया। हालांकि फायर ब्रिगेड की टीम ने समय रहते आग पर काबू पा लिया। जिससे किसी तरह का बड़ा नुकसान नहीं हुआ।


