हाड़ौती संभाग के सबसे बड़े होलसेल बाज़ार में एक बार फिर महिला चोर गिरोह की सक्रियता उजागर हुई है। चार खम्बा चौराहे पर स्थित जयश्री कॉस्मेटिक की दुकान पर चोरी करते हुए एक महिला चोर को व्यापारियों ने रंगेहाथों पकड़ लिया। महिला चोर दुकान से एक लहंगे की थैली उठाकर बड़ी चालाकी से अपने शॉल के अंदर छुपा लेती है और बाद में अपने दूसरे साथी को इशारे से बुलाकर थैली उसे सौंपकर रवाना कर देती है। जब दुकान संचालक को पैकेट गायब होने का शक हुआ तो तुरंत सीसीटीवी फुटेज चेक किए गए। कैमरों में महिला चोर की पूरी करतूत साफ तौर पर रिकॉर्ड हो गई, जिसमें वह थैली उठाकर छुपाती और फिर अपने साथी को सौंपती हुई नजर आ रही है। इसके बाद मौके पर होलसेल व्यापार महासंघ हाड़ौती संभाग के अध्यक्ष पंकज बागड़ी और पुरानी सब्ज़ी मंडी व्यापार संघ के अध्यक्ष पवन दुआ को बुलाया गया जिन्होंने तत्परता दिखाते हुए महिला को पकड़ लिया और मकबरा थाना पुलिस को बुलाकर उसके हवाले कर दिया। व्यापार महासंघ अध्यक्ष पंकज बागड़ी ने बताया कि इससे पहले भी पुलिस प्रशासन को अवगत कराया जा चुका है कि हाड़ौती के बड़े होलसेल बाज़ारों में संगठित महिला चोर गिरोह सक्रिय है, जो रोज़ाना कई दुकानों को निशाना बना रहा है। लगातार हो रही चोरियों से व्यापारियों में भारी आक्रोश है, क्योंकि इन घटनाओं से लाखों रुपये का आर्थिक नुकसान हो रहा है। व्यापारियों का आरोप है कि पहले पकड़ी गई महिला चोरों को पूछताछ के बाद छोड़ दिए जाने से इनके हौसले और बढ़ गए हैं। मजबूरी में व्यापारियों को दुकानों पर सीसीटीवी कैमरे लगवाने पड़े हैं। व्यापारियों ने मांग की है कि महिला चोर गिरोह से सख़्ती से पूछताछ कर चोरी किए गए सामान की बरामदगी की जाए और होलसेल बाज़ारों में महिला पुलिस की तत्काल तैनाती कर इस संगठित गिरोह पर प्रभावी कार्रवाई की जाए।


