शौर्य चौक की बुकिंग अब ‌3.15 लाख रुपए में, पश्चिमी घाट 50 रुपए में घूम सकेंगे

चंबल रिवर फ्रंट को लेकर केडीए अभी कोई एक योजना नहीं बना सका है। इसका जो हिस्सा पर्यटकों को पसंद आता है, उसका शुल्क बढ़ा दिया जाता है। अब शौर्य चौक के साथ ऐसा हुआ। पश्चिमी घाट पर बने शौर्य चौक पर शादी-समारोह की बुकिंग आने लगीं। इसका किराया 1.50 लाख रुपए प्रतिदिन से बढ़ाकर 3.15 लाख रुपए कर दिया। पुरानी रेट पर 40 से अधिक बुकिंग हो चुकी थी। शुल्क बढ़ाने के बाद केवल 1 बुकिंग हुई। वहीं, केडीए ने 2 जगह शुल्क घटाए भी हैं। पश्चिमी घाट का शुल्क स्थायी रूप से 50 रुपए प्रति व्यक्ति कर दिया है, जबकि बैराज साइड का शुल्क अभी भी 200 रुपए प्रति व्यक्ति है। पहले पश्चिमी घाट का किराया हर महीने तय किया जाता था, लेकिन अब बोर्ड बैठक में इसके 50 रुपए शुल्क का अनुमोदन कर दिया। गोल्फ कार्ट के किराये में भी संशोधन किया है। किराया कम तो नहीं किया, लेकिन टैरिफ बदल दी, जिससे आधे किराये में भी गोल्फ कार्ट उपलब्ध हो सकेगी। पहले पूरी गोल्फ कार्ट 2 घंटे के लिए बुक होती थी, जिसके लिए 5 सीटर का किराया 2000 रुपए और 7 सीटर का किराया 2500 रुपए देना पड़ता था। केडीए ने इसका किराया घटाने की बजाय अब इसे 1 घंटे के लिए भी देना शुरु कर दिया। अब 1 घंटे के लिए 5 सीटर गोल्फ कार्ट 1000 रुपए में और 7 सीटर 1250 रुपए में मिल सकेगी। समूह को शुल्क में छूट : चंबल रिवर फ्रंट के किसी भी घाट पर ग्रुप में जाने वालों के लिए केडीए ने शुल्क में छूट का प्रावधान किया है। इसमें 50 या इससे अधिक लोग एक साथ जाने पर शुल्क 50 प्रतिशत ही लगेगा। अगर 100 या इससे अधिक लोग एक साथ जाते हैं तो शुल्क केवल 50 रुपए प्रति व्यक्ति ही लगेगा।

FacebookMastodonEmail

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *