श्मशान घाट के रास्ते पर अवैध कब्जा कर रोकने, सरपंच प्रतिनिधि और जेसीबी ड्राइवर से मारपीट कर जानलेवा हमला करने के मामले में ग्रामीणों ने आज जिला कलेक्ट्रेट कार्यालय पर इकट्ठा होकर प्रदर्शन किया और एसपी को वज्ञापन सौंप कड़ी कार्रवाई की मांग की। मामला मांडल थाना क्षैत्र के आरजिया गांव का है।आज बड़ी संख्या में ग्रामीण जिला कलेक्टर कार्यालय पर पहुंचे और प्रदर्शन के बाद एसपी को ज्ञापन दिया , दिए गए ज्ञापन में बताया कि 2 जनवरी को शाम करीब 7 बजे सूरज पिता छितर गाडरी निवासी गाडरी खेड़ा ने कस्बे में श्मशान घाट के रास्ते पर आबादी भूमि में अवैध कब्जा करने की नीयत से जेसीबी मशीन चलवा के रास्ते को ब्लॉक कर दिया। ग्रामवासियों ने जब सरपंच प्रतिनिधि हर्षवर्धन सिंह को इस मामले की जानकारी दी तो वे मौके पर पहुंचे और सरपंच प्रतिनिधि होने के नाते उन्होंने रास्ते को खुलवाने के लिए जेसीबी बुलवाई और रास्ता क्लीयर करवा रहे थे इसी दौरान सूरज गाडरी, उसका बेटा पप्पू, किशन गाडरी,मेवाराम गुर्जर के साथ 30-40 लोग चार-पांच बाइक, एक कैंपर जीप और एक बोलेरो पिकअप में सवार होकर आए और आते ही हर्षवर्धन सिंह और जेसीबी ड्राइवर प्रभु लाल के साथ मारपीट कर धारदार हथियारों से हमला कर दिया। जेसीबी मशीन में तोड़फोड़ कर दी और जेसीबी को ऐनीकट से नीचे गिरा दिया। दोनों को जान से मारने की धमकी देकर भाग निकले।ग्रामीणों ने बताया कि ये सभी आपराधिक प्रवृत्ति के लोग हैं और इन्होंने गैंग बना रखी है,आए दिन लोगों से लड़ाई झगड़ा करते है और जमीनों पर अवैध कब्जा करके लोगों को डराते धमकाते हैं। इन्होंने हर्षवर्धन सिंह और ड्राइवर को रिपोर्ट नहीं उठाने पर जान से मारने की धमकी दी।इस घटना के बाद से ग्रामीणों में रोष है।ग्रामीणों ने शीघ्र कार्रवाई कर राहत प्रदान करने की मांग की।इस दौरान बड़ी संख्या में ग्रामीण जिला के कलेक्ट्रेट कार्यालय पर इकट्ठा हुए और विरोध प्रदर्शन किया।


