सिटी रिपोर्टर | रांची श्री श्याम संघ के तत्वावधान में 27 फरवरी को अपर बाजार स्थित श्री राधा वल्लव मंदिर में श्री श्याम फाल्गुन उत्सव मनाया जाएगा। 401 श्याम भक्त बाबा श्याम को पवित्र निशान अर्पित करेंगे। संस्था के अध्यक्ष कमलेश संचेती ने बताया िक सुबह 7 बजे गणेश पूजा के साथ कार्यक्रम का शुभारंभ होगा। निशान पूजा के मुख्य यजमान उमेश अग्रवाल अपने परिवार के साथ निशान पूजन करेंगे। इसके बाद श्याम भक्तों द्वारा रंग-बिरंगे निशान के साथ भव्य शोभायात्रा निकाली जाएगी। निशान शोभायात्रा अग्रसेन पथ स्थित श्री श्याम मंदिर पहुंचेगी। वहां भक्त बाबा श्याम को पवित्र निशान अर्पित करेंगे। रात 7 बजे से मंदिर में बाबा श्याम का भव्य शृंगार, नयनाभिराम झांकी, अखंड ज्योत, सवामनी, महाप्रसाद व फूलों की होली का आयोजन किया जाएगा। मुख्य यजमान विकास परसरामपुरिया अपने परिवार के साथ बाबा श्याम का अखंड ज्योत प्रज्वलित करेंगे। पटना की भजन गायिका अर्चना गोस्वामी के सुमधुर भजनों पर श्याम प्रेमी गोता लगाएंगे। बाबा के दरबार को भव्य रूप से सजाने का कार्य कोलकाता व रांची के माली द्वारा किया जा रहा है। रंगभरी एकादशी पर सभी भक्त बाबा श्याम के साथ गुलाल, अबीर व फूलों की होली खेलेंगे। रंगभरी एकादशी पर रात में बाबा श्याम को महाप्रसाद खीर, चूरमा का भोग लगाया जाएगा। महाआरती, प्रसाद के साथ कार्यक्रम का समापन होगा। संस्था के संरक्षक विष्णु लोहिया व अध्यक्ष कमलेश संचेती ने सभी श्याम प्रेमियों को फाल्गुन उत्सव में भाग लेने का आग्रह किया है। कार्यक्रम को सफल बनाने के लिए अनिल लोहिया, हरेंद्र अग्रवाल, मनोज काबरा, संजय सुरेका, आशीष अग्रवाल, सौरभ कटारुका, भगवती हेतमसरिया, विकास लोहिया, आकाश शर्मा, विनायक पोद्दार व अन्य सदस्य लगे हैं। श्याम बाबा का दिव्य शृंगार किया गया।


