भास्कर न्यूज | सूरजपुर भक्ति, आस्था और समर्पण का अनूठा संगम बुधवार को सूरजपुर के रंगमंच मैदान में देखने को मिला, जहां श्याम सेवा समिति द्वारा आयोजित द्वितीय बाबा श्याम संकीर्तन महोत्सव ने पूरे नगर को श्याम रंग में सराबोर कर दिया। नगर पालिका के विशाल टेनसाईल डोम के नीचे आयोजित इस कार्यक्रम में बड़ी संख्या में श्याम प्रेमी उमड़े और देर रात तक भजनों की अमृत वर्षा में गोते लगाते रहे। महोत्सव के लिए बाबा श्याम का दरबार कोलकाता से आए विशेष कारीगरों द्वारा विदेशी और देशी फूलों से सजाया गया था। बाबा का अलौकिक पुष्प शृंगार इतना मनमोहक था कि हर कोई अपलक निहारता रह गया। पूरे पंडाल में हो रही निरंतर इत्र वर्षा और श्याम रसोई के प्रसाद ने वातावरण को पूरी तरह आध्यात्मिक बना दिया। पप्पू महाराज के सानिध्य और राहुल अग्रवाल की उपस्थिति में धार्मिक अनुष्ठान विधिवत संपन्न हुए। महोत्सव में भजन गायकी की दुनिया के बड़े सितारों ने अपनी प्रस्तुतियों से समां बांध दिया। दिल्ली से आईं शीतला पांडेय, कोलकाता की पूजा नथानी और अनमोल-शुभम की जोड़ी ने जब अपने मधुर कंठ से बाबा के भजनों की तान छेड़ी, तो श्रद्धालु खुद को झूमने से नहीं रोक पाए। हारे का सहारा, बाबा श्याम हमारा के जयकारों से पूरा परिसर गूंज उठा। इस आयोजन को सफल बनाने में श्याम सेवा समिति के सुनील अग्रवाल, पप्पल अग्रवाल, प्रवेश गोयल, दिनेश अग्रवाल, मनीष अग्रवाल, अमित रोहिल्ला और उनकी पूरी टीम ने दिन-रात मेहनत की। संकीर्तन महोत्सव का विशेष आकर्षण बाबा का खजाना (लकी ड्रा) रहा, जिसमें बेशकीमती उपहारों की बौछार हुई। जैसे ही विजेताओं के नामों की घोषणा हुई, आयोजन स्थल पर उत्साह दोगुना हो गया। प्रथम पुरस्कार (डिजायर कार) राजापुर निवासी रामकुमार प्रजापति के नाम निकला। द्वितीय पुरस्कार (मारुति कार) पतरापाली के रामप्रसाद ने जीता। अन्य पुरस्कार हंस हलदार (दिल्ली) को बाइक, जबकि राहुल गुप्ता और सुरेश साहू (सूरजपुर) को स्कूटी मिली। इसके अलावा रायपुर, भैयाथान, अंबिकापुर और गढ़वा जैसे क्षेत्रों से आए श्रद्धालुओं ने भी बाइक व इलेक्ट्रॉनिक स्कूटी सहित कई आकर्षक इनाम जीते। कार्यक्रम में 100 सांत्वना पुरस्कारों का भी वितरण किया गया। महोत्सव के समापन पर बाबा की महाआरती की गई, जिसमें हजारों दीपों की लौ के बीच श्रद्धालुओं ने सुख-समृद्धि की कामना की। मोपेड की चाबी के साथ विजेता।


