श्योपुर में कलेक्टर ने फहराया तिरंगा:परेड के बाद हुए सांस्कृतिक कार्यक्रम, झांकियों ने मोहा मन

श्योपुर जिले में सोमवार को 77वां गणतंत्र दिवस समारोह आयोजित किया गया। जिला मुख्यालय स्थित वीर सावरकर स्टेडियम में मुख्य कार्यक्रम हुआ, जहां कलेक्टर अर्पित वर्मा ने राष्ट्रीय ध्वज फहराया। ध्वजारोहण के बाद राष्ट्रगान का सामूहिक गायन हुआ और तिरंगे गुब्बारे आकाश में छोड़े गए। कलेक्टर अर्पित वर्मा और पुलिस अधीक्षक सुधीर कुमार अग्रवाल ने संयुक्त रूप से परेड का निरीक्षण किया और सलामी ली। इस अवसर पर मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव के संदेश का वाचन किया गया, जिसमें संविधान की महत्ता, लोकतांत्रिक मूल्यों और प्रदेश के विकास पर जोर दिया गया। इसके बाद संयुक्त परेड दल ने तीन बार हर्ष फायर किए और राष्ट्रपति के जयघोष के नारे लगाए। समारोह में विभिन्न विभागों द्वारा झांकियां प्रस्तुत की गईं, जो आकर्षण का केंद्र रहीं। स्वास्थ्य विभाग, स्कूल शिक्षा विभाग, आदिम जाति कल्याण विभाग, लोक स्वास्थ्य यांत्रिकी विभाग, महिला एवं बाल विकास विभाग, जिला पंचायत, कृषि, उद्यानिकी, सिंचाई, एनआरएलएम, पशुपालन और कूनो अभ्यारण सहित कई विभागों ने अपनी झांकियों के माध्यम से शासन की जनकल्याणकारी योजनाओं और उपलब्धियों को प्रदर्शित किया। सांस्कृतिक कार्यक्रमों में जवाहर नवोदय विद्यालय, सेंट पायस स्कूल, शासकीय उत्कृष्ट उच्चतर माध्यमिक विद्यालय श्योपुर और मॉडर्न कॉन्वेंट स्कूल श्योपुर के छात्र-छात्राओं ने देशभक्ति गीत और नृत्य प्रस्तुत किए। इन प्रस्तुतियों को उपस्थित अतिथियों और नागरिकों ने सराहा। प्रतियोगिताओं के परिणामों की घोषणा भी की गई। परेड के वरिष्ठ दल में जिला पुलिस बल (महिला) ने प्रथम स्थान प्राप्त किया, जबकि कनिष्ठ दल में पीएम श्री जवाहर नवोदय विद्यालय (बालिका) प्रथम रहा। सांस्कृतिक कार्यक्रमों में शासकीय उत्कृष्ट माध्यमिक विद्यालय श्योपुर को पहला स्थान मिला, और विभागीय झांकियों में महिला एवं बाल विकास विभाग ने प्रथम पुरस्कार जीता। कार्यक्रम के समापन पर उत्कृष्ट कार्य करने वाले अधिकारियों और कर्मचारियों को प्रशस्ति पत्र देकर सम्मानित किया गया। साथ ही, विभिन्न प्रतियोगिताओं के विजेताओं को शील्ड और प्रमाण पत्र प्रदान किए गए। तस्वीरें देखिए…

FacebookMastodonEmail

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *