श्योपुर में शनिवार सुबह करीब दस बजे ढोढर क्षेत्र में चंबल नहर में एक युवक का शव तैरता हुआ मिला। पास से गुजर रहे ग्रामीणों ने शव देखकर तत्काल ढोढर पुलिस को सूचना दी। पुलिस मौके पर पहुंची और ग्रामीणों की सहायता से शव को नहर से बाहर निकाला। 31 दिसंबर से लापता था युवक प्रारंभिक जांच के बाद ढोढर पुलिस ने श्योपुर कोतवाली थाने को सूचना दी। श्योपुर कोतवाली में हाल ही में एक युवक की गुमशुदगी दर्ज कराई गई थी। इसके बाद कोतवाली पुलिस लापता युवक आफताब खान के परिजनों को ढोढर लेकर पहुंची और शव की शिनाख्त कराई। बिना बताए घर से निकला था युवक मौके पर पहुंचे परिजनों ने शव की पहचान आफताब खान (30) के रूप में की। आफताब श्योपुर के बायपास रोड टीनशेड के सामने का निवासी था। परिजनों ने पुलिस को बताया कि आफताब 31 दिसंबर की शाम को बिना बताए घर से निकला था। काफी तलाश के बाद भी उसका पता नहीं चला, जिसके बाद कोतवाली थाने में उसकी गुमशुदगी दर्ज कराई गई थी। पुलिस ने पीएम के बाद परिजनों को सौंपा शव शिनाख्त होने के बाद पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमॉर्टम के लिए भेजा। पोस्टमॉर्टम प्रक्रिया पूरी होने के उपरांत शव परिजनों को सौंप दिया गया। पुलिस ने इस मामले में मर्ग कायम कर जांच शुरू कर दी है। फिलहाल मौत के कारणों का खुलासा नहीं हो सका है। पुलिस के अनुसार, पोस्टमॉर्टम रिपोर्ट मिलने के बाद ही स्थिति स्पष्ट हो पाएगी। पुलिस यह भी जांच कर रही है कि युवक नहर में कैसे पहुंचा और यह हादसा था या किसी अन्य कारण से हुई मौत। मामले की हर पहलू से जांच की जा रही है।


