श्योपुर में दूषित पानी के विरोध में NSUI का प्रदर्शन:2 दिन में समाधान न होने पर आंदोलन की दी चेतावनी

श्योपुर के पीएम एक्सीलेंस कॉलेज में छात्र-छात्राओं को दूषित पानी पिलाए जाने के आरोप को लेकर एनएसयूआई (NSUI) श्योपुर के कार्यकर्ताओं ने गुरुवार को कॉलेज परिसर में विरोध प्रदर्शन किया। प्रदर्शनकारियों का आरोप है कि कॉलेज प्रशासन की ओर से उपलब्ध कराए जा रहे पीने के पानी की गुणवत्ता बेहद खराब है, जिससे कई छात्रों, विशेषकर छात्राओं की तबीयत बिगड़ रही है। कॉलेज प्रशासन के खिलाफ की नारेबाजी एनएसयूआई कार्यकर्ताओं ने इस स्थिति को गंभीर बताया। उन्होंने कहा कि एक शैक्षणिक संस्था में स्वच्छ पेयजल जैसी बुनियादी सुविधा का अभाव चिंताजनक है। छात्रों के स्वास्थ्य से खिलवाड़ बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। प्रदर्शन के दौरान कार्यकर्ताओं ने कॉलेज प्रशासन के खिलाफ नारेबाजी करते हुए तत्काल स्वच्छ पेयजल की व्यवस्था करने की मांग की। कार्रवाई न होने पर आंदोलन की दी चेतावनी एनएसयूआई श्योपुर के नेताओं ने हाल ही में इंदौर में दूषित पानी से हुई घटनाओं का जिक्र किया। उन्होंने कहा कि उन घटनाओं से सबक लेते हुए समय रहते कार्रवाई आवश्यक है, ताकि श्योपुर में कोई अप्रिय स्थिति उत्पन्न न हो। कार्यकर्ताओं ने चेतावनी दी कि यदि समय पर समस्या का समाधान नहीं हुआ, तो इसका खामियाजा छात्रों को भुगतना पड़ेगा। कॉलेज प्रशासन से शुद्ध पेयजल सुनिश्चित करने की मांग इस प्रदर्शन में पीयूष शिवहरे और मनीष मीना सहित एनएसयूआई के कई अन्य कार्यकर्ता शामिल थे। सभी ने एक स्वर में कॉलेज प्रशासन से तुरंत शुद्ध पेयजल की व्यवस्था सुनिश्चित करने की मांग की। एनएसयूआई ने कॉलेज प्रबंधन को स्पष्ट चेतावनी दी है। संगठन ने कहा कि यदि दो दिनों के भीतर गंदे पानी की समस्या का स्थायी समाधान नहीं किया गया, तो आंदोलन को और व्यापक तथा उग्र रूप दिया जाएगा। इसकी पूरी जिम्मेदारी कॉलेज प्रशासन की होगी।

FacebookMastodonEmail

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *