भास्कर न्यूज | लुधियाना उत्तर भारतीय प्रवर्तक प्रज्ञा महर्षि गुरुदेव श्री सुमन मुनि जी महाराज के सुशिष्य, व्याख्यान वाचस्पति संघ रत्न भंडारी बाबा श्री सुमंत भद्र जी महाराज ठाणा 3, जैन स्थानक नूरवाला रोड में विराजमान हैं। मंगलवार को आयोजित प्रवचन सभा में उन्होंने श्रद्धालुओं को संबोधित करते हुए कहा कि जैसे-जैसे लाभ बढ़ता है, वैसे-वैसे लोभ भी अधिक बढ़ता जाता है। इतिहास गवाह है कि जितने भी युद्ध, मन-मुटाव, हिंसा, अत्याचार या अनाचार हुए हैं, उनके पीछे लोभ ही मुख्य कारण रहा है। उन्होंने कहा कि इंसान की इच्छाएं अनंत होती हैं, जो कभी पूरी नहीं होतीं। वह खाली हाथ आता है और एक दिन खाली हाथ ही चला जाता है। जीवन में लोभ का रूप अलग-अलग होता है—कभी धन-संपत्ति का, कभी परिवार-जमीन का, तो कभी पद-प्रतिष्ठा का। लेकिन इस मायाजाल में फंसने के बजाय धर्म और ध्यान की राह अपनाकर ही जीवन को सार्थक बनाया जा सकता है। एसएस जैन सभा के प्रधान अवनीश जैन, उपप्रधान अरुण जैन, वरिष्ठ उपप्रधान अभिनंदन जैन बोथरा, सेक्रेटरी अशोक जैन और कोषाध्यक्ष अरिहंत जैन ने बताया कि जैन स्थानक में 12 फरवरी को संक्रांति पर्व मनाया जाएगा। संक्रांति दिवस पर सुबह 8:30 से 9:30 बजे तक सुमंत भद्र महाराज अपने मुखारविंद से बड़ा मंगलपाठ सुनाएंगे। इस अवसर पर बड़ी संख्या में श्रद्धालु शामिल होंगे और आध्यात्मिक लाभ प्राप्त करेंगे।


