नागौर में जोधपुर रोड पर स्थित गोशाला में आज पुलिस ने तलाशी अभियान चलाया। एक दिन पहले श्रीडूंगरगढ़ के श्रद्धालुओं से भरी बस पर डंडों से हमला करने के मामले में पुलिस अन्य आरोपियों की तलाश कर रही है। इसी क्रम में आज 5 पुलिस थानों की टीम नागौर डीएसपी प्रशिक्षु IPS जतिन जैन के नेतृत्व कृष्ण गोशाला पहुंची। बस पर हमले के मुकदमे में श्रवण सैन का नाम भी शामिल है। घटना के बाद से वह फरार है। श्रवण की गिरफ्तारी और गोशाला संचालक कुशालगिरी महाराज से पूछताछ करने के लिए ही आज हथियारबंद पुलिसकर्मी बड़ी संख्या में कृष्ण गोशाला पहुंचे। हालांकि पुलिस को वहां कोई भी आरोपी नहीं मिला। डीएसपी जतिन जैन ने बताया कि श्रद्धालुओं से भरी बस के ड्राइवर की रिपोर्ट के आधार पर पुलिस ने कार्रवाई करते हुए एक दर्जन से अधिक आरोपियों को वारदात के तुरंत बाद गिरफ्तार कर लिया था। कुछ अन्य नामजद आरोपियों की गिरफ्तारी के सिलसिले में आज सदर, पांचौड़ी, कोतवाली और खींवसर पुलिस थाना समेत पुलिस लाइन के जाब्ते के साथ कृष्ण गोशाला पहुंचे थे, हालांकि आरोपी वहां नहीं मिले। डीएसपी जतिन जैन ने बताया कि घटना को लेकर उत्पात मचाने वाले और उत्पातियों का सहयोग करने वाले सभी आरोपियों के खिलाफ लगातार धरपकड़ की जा रही है। एसपी मृदुल कच्छावा के निर्देशन में वारदात के बाद से ही पुलिस की अलग-अलग टीमें आरोपियों की तलाश में जुटी हैं। गोशाला संचालक से भी पूछताछ की जाएगी। वारदात में शामिल अन्य आरोपियों की निशानदेही की जा रही है। जल्द ही सभी आरोपी पुलिस गिरफ्त में होंगे।


