श्रमदान से राधाकृष्णा बड़े मंदिर तालाब की सफाई की गई

भास्कर न्यूज | कवर्धा राधाकृष्णा बड़े मंदिर तालाब की सफाई का अभियान लगातार तीसरे रविवार को भी जारी रहा। स्थानीय वार्डवासियों, समाज प्रमुखों, संगठनों, समाजसेवियों, जनप्रतिनिधियों और नगर पालिका कर्मचारियों की टीम ने मिलकर श्रमदान किया। नगर पालिका अध्यक्ष चंद्रप्रकाश चंद्रवंशी ने बताया कि तालाब अब स्वच्छ होने लगा है। इस अभियान का उद्देश्य तालाब को स्वच्छ बनाए रखना, उसका संरक्षण करना और पशु-पक्षियों व अन्य जीव-जंतुओं को जल संकट से बचाना है। ताकि भविष्य में जल स्तर कम न हो और पानी के लिए कोई भटकना न पड़े। चंद्रप्रकाश चंद्रवंशी ने कहा कि यह पहल केवल सफाई तक सीमित नहीं है। सभी का कर्तव्य है कि तालाब को स्वच्छ रखें और निस्तारी का सही ढंग से उपयोग करें। समाज प्रमुखों, स्वयंसेवी संगठनों, हरितिमा टीम, योग टीम, वार्डवासियों और जनप्रतिनिधियों ने मिलकर श्रमदान किया। उन्होंने नगरवासियों से अपील की कि वे इस जन अभियान से जुड़ें। हर रविवार तालाबों की सफाई श्रमदान से की जाएगी। तालाब स्वच्छ रहेगा तो निस्तारी का सही उपयोग हो सकेगा। कार्यक्रम में श्रीकांत उपाध्याय, पार्षद शंभू देवांगन सहित युवा शामिल रहे। जैव विविधता के लिए भी यह तालाब महत्वपूर्ण है गर्मी में पानी की कमी से मनुष्य और जानवरों को कठिनाइयों का सामना करना पड़ता है। ऐसे में तालाबों की स्वच्छता और संरक्षण जरूरी हो जाता है। तालाब न केवल जीवन रेखा हैं, बल्कि जैव विविधता के लिए भी महत्वपूर्ण हैं। श्रमदान करने पहुंचे लोगों ने तालाब के अंदर फैली गंदगी निकाली। आसपास की गंदगी हटाई। तालाब के किनारों को मजबूत किया। साथ ही लोगों को जल संरक्षण और स्वच्छता के प्रति जागरूक किया गया। पशु-पक्षियों और जीव-जंतुओं के लिए भी पानी जरूरी है।

FacebookMastodonEmail

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *