पश्चिमी विक्षोभ के असर से राजस्थान के कई हिस्सों में बारिश का दौर जारी है। इसका प्रभाव श्रीगंगानगर और आस-पास के जिलों में देखने को मिल रहा है। सुबह के समय घना कोहरा छा जाता है, जिसके बाद दिन में तेज धूप निकल आती है। मौसम पूरी तरह ड्राई बना हुआ है। न्यूनतम तापमान 9.1 डिग्री रिकार्ड मौसम राडार स्टेशन, श्रीगंगानगर पर मंगलवार सुबह न्यूनतम तापमान 9.1 डिग्री रिकार्ड किया गया। सोमवार को न्यूनतम 9.3 डिग्री और अधिकतम 20.5 डिग्री रहा, जबकि रविवार को न्यूनतम 9.7 डिग्री और अधिकतम 20.4 डिग्री दर्ज हुआ था। इन दिनों ठंड का असर सुबह-शाम महसूस हो रहा है, लेकिन दोपहर में धूप लोगों को गर्माहट दे रही है। एक सप्ताह तक मौसम ड्राई रहेगा मौसम विशेषज्ञों के अनुसार आगामी एक सप्ताह तक मौसम ड्राई रहेगा। दिन में धूप खिली रहेगी और आसमान साफ-सुथरा दिखेगा। न्यूनतम तापमान 8-11 डिग्री के बीच और अधिकतम 22-25 डिग्री तक पहुंच सकता है। हालांकि, कोहरे की स्थिति सुबह के समय बनी रह सकती है। इसके बाद एक नए पश्चिमी विक्षोभ के सक्रिय होने की संभावना है, जिससे प्रदेश के अलग-अलग इलाकों में बादल छाने और हल्की बारिश होने के आसार जताए जा रहे हैं। श्रीगंगानगर में इसका प्रभाव हल्का रह सकता है, लेकिन पूर्वी राजस्थान के कुछ हिस्सों में बारिश-ओलावृष्टि की संभावना ज्यादा है।


