श्रीगंगानगर शहर के रीको इंडस्ट्रियल एरिया में स्थित ई-कॉमर्स कंपनी इंस्टाकार्ट सर्विस प्राइवेट लिमिटेड (Instacart) के ऑफिस में सोमवार देर रात चोरी की वारदात हुई। चोर ऑफिस का शटर तोड़कर 1 लाख 17 हजार रुपए कैश चोरी कर ले गए। चोरों ने पहचान छुपाने के लिए सीसीटीवी DVR रिकॉर्डर, पूरा सुरक्षा सिस्टम और हाईटेक Intrusion Detection System (घुसपैठ का पता लगाने वाली प्रणाली) भी तोड़कर साथ ले गए। घटना सदर थाना क्षेत्र की है। कंपनी के हब इंचार्ज संजय चौधरी ने पुलिस को दी रिपोर्ट में बताया कि सोमवार शाम करीब 6 बजे कर्मचारी राजू राणा ने दिनभर की कलेक्शन राशि 1,17,000 रुपए ऑफिस के लॉकर में जमा कर ऑफिस बंद कर दिया था। इसके बाद सभी कर्मचारी घर चले गए। मंगलवार सुबह 4:38 बजे कंपनी की सेंट्रल सिक्योरिटी टीम को अलार्म सिग्नल मिला। सूचना मिलते ही संजय चौधरी ने साथी कर्मचारी विनय कुमार शर्मा और ऊपरी मंजिल के पीजी में रहने वाले कुछ लड़कों को तुरंत मौके पर भेजा। शटर टूटा मिला, लॉकर खाली जब कर्मचारी मौके पर पहुंचे तो देखा कि शटर का ताला टूटा हुआ था। ऑफिस के अंदर कैश लॉकर खुला पड़ा था और लॉकर का कैश पूरी तरह गायब था। सीसीटीवी DVR रिकॉर्डर गायब था और IDS सुरक्षा सिस्टम टूटा हुआ मिला। घटना की सूचना तुरंत सदर थाना पुलिस को दी गई। मौके पर पहुंची पुलिस ने स्थिति का निरीक्षण किया और ऑफिस इंचार्ज की शिकायत पर अज्ञात चोरों के खिलाफ मामला दर्ज किया। ASI रामपाल ने बताया- सीसीटीवी कैमरों की मदद से चोरों की तलाश कर रही है। चोरी का तरीका काफी प्रोफेशनल है। बदमाशों को पहचान कर जल्द पकड़ लिया जाएगा।


