श्रीगंगानगर में ‘किन्नू महाकुंभ’ शुरू, दूर-दूर से आए किसान:हाईटेक कृषि उपकरण भी देखने पहुंचे; कल आएंगे कृषि मंत्री किरोड़ीलाल मीणा

श्रीगंगानगर में जिला प्रशासन व हॉर्टिकल्चर विभाग की ओर से आयोजित राज्य स्तरीय ‘पंच गौरव किन्नू महाकुंभ’ का आगाज शुक्रवार को हुआ। सूरतगढ़-पदमपुर बाइपास रोड पर आवासा रिसोर्ट के सामने लगे इस मेले में पहले दिन ही दूर-दराज से किसान, उद्यमी और पशुपालक पहुंचे हुए हैं। जगह-जगह लगे स्टॉल्स पर आधुनिक कृषि यंत्र, ड्रिप सिंचाई सिस्टम, पॉलीहाउस मॉडल और फलों के प्रसंस्कृत उत्पादों की प्रदर्शनी लगाई गई है। मेले में कल शनिवार को कृषि मंत्री डॉ. किरोड़ीलाल मीणा आएंगे। उद्यान विभाग की सहायक निदेशक प्रीति गर्ग ने बताया- इस मेले का मकसद किसानों को वैज्ञानिक खेती, उन्नत तकनीक और बाजार से सीधे जोड़ना है। पहले दिन बड़ी संख्या में किसान पहुंचे हुए हैं। कई किसान अपने पशुओं के साथ आए हैं और प्रदर्शनी में विभिन्न नस्लों के पशु भी आकर्षण का केंद्र बने हुए हैं। इसके साथ ही अनेक प्रतियोगिताएं भी आयोजित हो रही है। उद्यान विभाग ने फल, सब्जी, फूल, शहद और किन्नू से बने प्रसंस्कृत उत्पादों की खूबसूरत प्रदर्शनी सजाई है। पॉलीहाउस, शेडनेट हाउस, सोलर पावर और ड्रिप-फव्वारा सिंचाई के मॉडल भी लगाए गए हैं, जिन्हें देखकर किसान नई तकनीकों को अपनाने के लिए उत्सुक नजर आ रहे हैं। कृषि विभाग ने फसल प्रबंधन, सिंचाई और यंत्रीकरण से जुड़े स्टॉल लगाए हैं, जबकि कृषि विपणन विभाग ने उत्पाद बिक्री और एग्रो प्रोसेसिंग के अवसरों पर जानकारी दी जा रही है। पशुपालन विभाग और गंगमूल डेयरी ने डेयरी उत्पादों, पशु आहार और उन्नत नस्लों के पशुओं की संजीव प्रदर्शनी लगाई है। निजी कंपनियां, सरकारी संस्थाएं, एफपीओ, एनजीओ और प्रगतिशील किसान भी इस मेले में सक्रिय रूप से शामिल हैं। शनिवार को मेले में किन्नू की अलग-अलग किस्मों की प्रतियोगिताएं भी होंगी और बेहतरीन प्रदर्शन करने वाले किसानों को सम्मानित किया जाएगा। यह महाकुंभ 23 से 25 जनवरी तक चलेगा। सुबह 10 बजे से शाम 5 बजे तक सभी के लिए खुला रहेगा।

FacebookMastodonEmail

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *