श्रीगंगानगर में कड़ाके की ठंड जारी है। मंगलवार सुबह 10 बजे तक घना कोहरा छाया रहा, जिसके बाद करीब 11 बजे सूरज ने दर्शन दिए और हल्की धूप निकली। धूप से लोगों को कुछ राहत मिली, लेकिन बादलों की आंख-मिचौनी का खेल जारी रही। सोमवार शाम तक निकली धूप का असर न्यूनतम तापमान पर दिखा, जहां आज 2.2 डिग्री की बढ़ोतरी दर्ज हुई। मौसम रडार स्टेशन, श्रीगंगानगर पर मंगलवार सुबह न्यूनतम तापमान 3.6 डिग्री रिकार्ड किया गया। सोमवार को न्यूनतम 1.4 डिग्री और अधिकतम 18.4 डिग्री रहा, जबकि रविवार को न्यूनतम 3.6 डिग्री और अधिकतम सिर्फ 12.6 डिग्री दर्ज हुआ। धूप खिलने से ठिठुरन में कमी आई और लोगों की दिनचर्या में भी फर्क नजर आया। बाजारों में सुबह की रौनक लौटी, अलसुबह से ही अलाव जलाकर लोग खुद को गर्म कर रहे थे। मौसम विभाग ने अगले 3-4 दिन तक न्यूनतम तापमान 1 से 4 डिग्री के बीच ही रहने की संभावना जताई है। इससे बर्फ जमने की आशंका भी बनी हुई है। सुबह-शाम और रात में गहरी धुंध छाई रहेगी। दिन में दोपहर 12 से 4 बजे तक 2 से 6 किमी/घंटा की रफ्तार से उत्तरी हवाएं चल सकती हैं। मकर सक्रांति के दिन दोपहर में हल्की हवा के आसार हैं।


