श्रीगंगानगर में रेलवे महिला कर्मचारी के साथ बाइक सवार बदमाशों द्वारा लूट करने का मामला सामने आया है। पीछे से आए नकाबपोश बदमाश महिला के गले से सोने का मंगलसूत्र तोड़कर भाग गए। घटना श्रीगंगानगर के कोतवाली थाना क्षेत्र की है। रेलवे कॉलोनी में रहने वाली महिला कर्मचारी रीना चाहर (26) ने बताया कि देर शाम को करीब 8:10 बजे वह नेहरू पार्क के पास बुलेट बाइक शॉप के मोड़ पर दो बदमाशों ने वारदात को अंजाम दिया और गले में पहना मंगलसूत्र छीनकर भाग गए। एक बदमाश बाइक पर था, तो दूसरा पैदल। रीना ने बताया कि वह मनोकामना क्लॉथ हाउस से कपड़े खरीदकर वापस रेलवे कॉलोनी जा रही थी, इस दौरान यह वारदात हुई। घटना के बाद नकाबपोश बदमाश मौके से बाइक लेकर फरार हो गए। रेलवे कर्मचारी ने बदमाशों का सामना भी किया था। फिलहाल पुलिस ने महिला कर्मचारी की रिपोर्ट पर मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। मामले की जांच एएसआई स्वर्ण सिंह कर रहे हैं। पुलिस घटनास्थल के आस-पास लगे सीसीटीवी फुटेज खंगाल रही है। बता दें कि शहर में बाइक चोरी और चेन स्नेचिंग के मामले लगातार बढ़ रही है। लेकिन इसके बावजूद भी पुलिस अभी तक आरोपी नहीं पकड़ सकी।


