पंचायत समिति विजयनगर में प्रशासनिक विवाद लगातार गहराता जा रहा है। सरपंच एसोसिएशन, राजस्थान ग्राम विकास अधिकारी संघ, राजस्थान मंत्रालयिक कर्मचारी संघ और पंचायतीराज विभाग के कर्मचारियों व प्रशासकों ने जिला कलेक्टर मंजू और जिला परिषद के मुख्य कार्यकारी अधिकारी गिरधर को ज्ञापन सौंपते हुए मुख्य ब्लॉक शिक्षा अधिकारी (CBEO) बृज प्रकाश गोदारा के खिलाफ कठोर कार्रवाई की मांग की है। ज्ञापन में बताया कि 22 अप्रैल को CBEO बिना किसी पूर्व सूचना के सुबह 11 बजे पंचायत समिति सभागार पहुंचे और बैठक आयोजित करने की बात कही। उस समय विकास अधिकारी द्वारा पहले से तय बैठक ग्राम विकास अधिकारियों, कनिष्ठ सहायकों और पंचायत समिति स्टाफ के साथ चल रही थी। विकास अधिकारी द्वारा CBEO से बैठक के लिए कार्यालय आदेश की जानकारी मांगे जाने पर, CBEO ने कथित रूप से कहा कि ‘यह सभागार सार्वजनिक संपत्ति है, जब चाहें हम इसका उपयोग कर सकते हैं। आपको सूचना देने की आवश्यकता नहीं है, आप हमारे उच्चाधिकारी नहीं हैं।’ इस दौरान उनके द्वारा अभद्र भाषा का भी प्रयोग किया गया, जिससे विकास अधिकारी की गरिमा को ठेस पहुंची। संगठनों ने व्यवहार को बताया निंदनीय
इस व्यवहार को निंदनीय बताते हुए संगठनों ने CBEO का मुख्यालय तुरंत बदलने और अनुशासनात्मक कार्रवाई की मांग की है। चेतावनी दी गई है कि यदि 28 अप्रैल तक ठोस कदम नहीं उठाए गए तो समस्त ग्राम पंचायतों में कार्य बहिष्कार कर पंचायत समिति कार्यालय के सामने धरना-प्रदर्शन किया जाएगा। उपखंड अधिकारी की कार्यशैली पर भी उठाए सवाल
ज्ञापन में उपखंड अधिकारी शकुंतला चौधरी के कार्यशैली पर भी सवाल खड़े किए गए हैं। संगठनों का आरोप है कि उपखंड अधिकारी का रवैया प्रशासकों के प्रति तानाशाहीपूर्ण और अपमानजनक है। साथ ही पंचायत परिसीमन के प्रस्तावों में नियमों की अनदेखी कर जनहित के सुझावों को नजरअंदाज किया गया है। प्रशासकों ने चेतावनी दी है कि यदि उपखंड अधिकारी के व्यवहार में सुधार नहीं आया तो उनके खिलाफ भी आंदोलन किया जाएगा और इसकी पूरी जिम्मेदारी प्रशासन की होगी। CBEO बोले- मैंने विनम्रतापूर्वक ही कहा था मुख्य ब्लॉक शिक्षा अधिकारी बृज प्रकाश गोदारा ने लगाए गए आरोपों को सिरे से खारिज करते हुए कहा, ‘मैंने विनम्रतापूर्वक केवल बैठक आयोजित करने का अनुरोध किया था और बताया था कि बैठक जल्दी समाप्त कर दी जाएगी। मेरी ओर से किसी प्रकार का अभद्र व्यवहार नहीं किया गया।’ वहीं, उपखंड अधिकारी शकुंतला चौधरी ने कहा कि मेरे विरुद्ध यदि कोई शिकायत जिला कलेक्टर को दी गई है, तो वह मेरी जानकारी में नहीं है। मेरे को कल CBEO के खिलाफ शिकायत प्राप्त हुई थी, उसकी जांच नियमानुसार की जाएगी। कई संगठनों ने दिखाई एकजुटता
ज्ञापन देने वालों में राजस्थान सरपंच संघ के जिला प्रभारी गोपाल मेघवाल, प्रशासक अमनदीप, सरपंच समंदर सिंह, जगराज सिंह ढिल्लों, सुखजिंदर सिंह संधू, कुलदीप सिंह, परहवाद सिंह, रवि बाघला, गुरमीत कंडियारा, ग्राम विकास अधिकारी संघ के अध्यक्ष लिच्छूराम, मंत्रालयिक कर्मचारी संघ के अध्यक्ष वेद प्रकाश बराड़ और वरिष्ठ सहायक वीरेंद्र सिंह राठौड़ सहित अनेक अधिकारी और कर्मचारी शामिल रहे।


